उत्तर प्यारपुर में छात्रों के लिए नई सुविधा: शेड, शीतल पेयजल और साइकिल स्टैंड का हुआ शुभारंभ।
विधायक प्रतिनिधि सहित जनप्रतिनिधियों ने किया उद्घाटन, ग्रामीणों और विद्यार्थियों को मिलेगा सीधा लाभ।

उधवा साहिबगंज। राजमहल विधानसभा क्षेत्र के उधवा प्रखंड अंतर्गत उत्तर प्यारपुर पंचायत स्थित मध्य विद्यालय पियारपुर परिसर में छात्रों एवं ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शेड, शीतल पेयजल व्यवस्था तथा साइकिल स्टैंड का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, प्रखंड अध्यक्ष अयूब अली उर्फ बाबू दा, थाना प्रभारी अमर मिंज, पंचायत के मुखिया मो. आजाद शेख एवं काजू मल्लिक ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इन सुविधाओं का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ ने कहा कि पंचायत के मुखिया की सकारात्मक सोच और पहल के कारण यह महत्वपूर्ण कार्य संभव हो सका है। उन्होंने बताया कि इन सुविधाओं के शुरू होने से न केवल विद्यालय के छात्र-छात्राओं को लाभ मिलेगा, बल्कि आसपास के ग्रामीणों को भी इसका सीधा फायदा पहुंचेगा।
उन्होंने विशेष रूप से कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए शीतल पेयजल की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक थी, जिससे बच्चों और स्थानीय लोगों को काफी राहत मिलेगी। वहीं, साइकिल स्टैंड के निर्माण से छात्रों को अपनी साइकिल सुरक्षित रखने की सुविधा भी प्राप्त होगी, जिससे उनकी दैनिक दिनचर्या और अधिक सुगम बनेगी।

इस मौके पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के विकास कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, अभिभावक एवं विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल के लिए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




