राजमहल बीडीओ मो. यूसुफ का गुणिहारी पंचायत में विकास योजनाओं का औचक निरीक्षण, आवास लाभुकों को अंतिम चेतावनी।
15 जून तक आवास की ढलाई पूरी करने का निर्देश, विद्यालय में पेयजल समस्या पर तत्काल कार्रवाई के आदेश।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ ने शुक्रवार को प्रखंड अंतर्गत गुणिहारी पंचायत में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं एवं सरकारी संस्थानों का व्यापक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित लाभुकों एवं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में बीडीओ सर्वप्रथम बेगमपुरा गांव पहुंचे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्माणाधीन आवासों का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि चार लाभुकों द्वारा अब तक अपने आवास की ढलाई का कार्य पूरा नहीं किया गया है। इस पर बीडीओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित लाभुकों को अंतिम चेतावनी जारी की तथा 15 जून तक हर हाल में ढलाई कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया।

वहीं एक ऐसे लाभुक, जिन्होंने अब तक आवास निर्माण कार्य प्रारंभ भी नहीं किया है, उन्हें एक सप्ताह के भीतर कार्य शुरू करने का निर्देश दिया गया। बीडीओ ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित अवधि में कार्य प्रारंभ नहीं होने की स्थिति में लाभुक को प्राप्त राशि ब्याज सहित वापस करनी होगी।
इसके बाद बीडीओ ने मनरेगा के तहत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना तथा मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत निर्मित पशु शेडों का भौतिक निरीक्षण किया। उन्होंने योजनाओं की गुणवत्ता, उपयोगिता एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित कर्मियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ मो. यूसुफ ने प्राथमिक विद्यालय नागेश्वरबाग का भी औचक निरीक्षण किया। विद्यालय पहुंचकर उन्होंने छात्र उपस्थिति पंजी, शिक्षकों की उपस्थिति पंजी, बैठक पंजी सहित विभिन्न अभिलेखों की गहन जांच की। साथ ही विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति का भी जायजा लिया।

विद्यालय निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने बच्चों को परोसे जा रहे मध्याह्न भोजन मिड डे मील की गुणवत्ता की भी जांच की तथा भोजन व्यवस्था को संतोषजनक बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान शिक्षक देवेंद्र कुमार रजक ने बीडीओ को अवगत कराया कि विद्यालय का चापाकल खराब होने के कारण विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है तथा दूर से पानी लाना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए बीडीओ ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित विभाग को चापाकल शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया, ताकि विद्यालय में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था बहाल हो सके।

बीडीओ मो. यूसुफ ने निरीक्षण के दौरान कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पात्र लाभुकों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। किसी भी योजना में लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित कर्मियों को योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान बीपीओ गगन बापू, रोहन कुमार, विष्णु चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



