Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने पर जोर, SIR-2026 को लेकर राजनीतिक दलों के BLA-1 के साथ जिला स्तरीय बैठक।

उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने सभी दलों से मांगा सहयोग, 22 जुलाई को सभी मतदान केंद्रों पर BLO, BLA-2 एवं ELC सदस्यों की होगी संयुक्त सत्यापन बैठक।

साहिबगंज।मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं शत-प्रतिशत प्रमाणिक बनाने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में जिले के विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-1 (Booth Level Agent-1) के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 को लेकर जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में 30 जून 2026 से 29 जुलाई 2026 तक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं, उनका संग्रहण कर रहे हैं तथा प्राप्त प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन किया जा रहा है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में शामिल हो तथा अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जाए।

उपायुक्त ने बताया कि 22 जुलाई 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बीएलओ, बीएलए-2 एवं निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) के सदस्यों की तृतीय बैठक आयोजित होगी। इस दौरान प्रारूप मतदाता सूची तथा ASDDF सूची (Already Enrolled Duplicate, Death, Permanently Shifted, Untraceable, Absent एवं Refused to Sign Enumeration Form) का संयुक्त सत्यापन किया जाएगा, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि को समय रहते दूर किया जा सके।

उन्होंने निर्देश दिया कि जिन मतदाताओं से अब तक अद्यतन गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए हैं, उनसे शीघ्र संपर्क स्थापित कर प्रपत्र प्राप्त किए जाएं और संबंधित बीएलओ के माध्यम से जमा कराए जाएं। साथ ही बैठक की कार्यवाही (Minutes of Meeting-MOM) निर्धारित समय-सीमा के भीतर ECINet पोर्टल पर अपलोड करने के भी निर्देश दिए गए।

उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छ, पारदर्शी और विश्वसनीय मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है। इसे त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन विभाग, बूथ लेवल अधिकारी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों को समन्वित रूप से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि सभी हितधारकों के सहयोग से ही मतदाता सूची को पूरी तरह प्रमाणिक और निष्पक्ष बनाया जा सकता है।

बैठक में अपर समाहर्ता विजय कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन आइन्द, अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो, उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुदिनी टुडू सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!