Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

पाकुड़ में समाज कल्याण विभाग की समीक्षात्मक बैठक संपन्न, पोषण एवं सशक्तिकरण को दी गई सर्वोच्च प्राथमिकता।

सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और पोषण ट्रैकर ऐप की प्रगति की समीक्षा, समयबद्ध क्रियान्वयन और पारदर्शिता पर विशेष जोर।

पाकुड़। जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बसंती ग्लाडिस बाड़ा की अध्यक्षता में समाज कल्याण विभाग की एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई और उनके प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक के दौरान सक्षम आंगनबाड़ी केंद्र, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, आंगनबाड़ी केंद्र भवन निर्माण, जीएमडी, पीएसई किट तथा पोषण ट्रैकर ऐप के अंतर्गत टीएचआर (Take Home Ration) एवं एफआरएस (FRS) एंट्री की अद्यतन स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों, महिला पर्यवेक्षिकाओं एवं विभागीय कर्मियों को निर्देशित करते हुए कहा कि योजनाओं का उद्देश्य महिलाओं, किशोरियों एवं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सशक्तिकरण को सुनिश्चित करना है। इसलिए सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता, जवाबदेही एवं नियमित निगरानी के साथ किया जाना अनिवार्य है।

उन्होंने विशेष रूप से पोषण ट्रैकर ऐप पर लाभुकों से संबंधित एफआरएस एंट्री को समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि योजनाओं की वास्तविक प्रगति का सटीक आकलन संभव हो सके। साथ ही लाभुकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करने और योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए जन-जागरूकता अभियानों को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल दिया गया।

बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का प्रतिदिन भौतिक निरीक्षण किया जाए, जिससे जमीनी स्तर पर बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण तथा आधारभूत सुविधाओं की स्थिति की नियमित निगरानी सुनिश्चित हो सके।

बैठक के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मियों ने विभागीय लक्ष्यों की प्राप्ति तथा योजनाओं के सफल क्रियान्वयन के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!