सोतीचौकी पंगरो विद्यालय में एचपीवी टीका जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु किया गया जागरूक, अभिभावकों की सहमति के बाद दिया जाएगा वैक्सीन का सिंगल डोज।

साहिबगंज। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बोरियो अंतर्गत उत्क्रमित उच्च विद्यालय सोतीचौकी पंगरो में एचपीवी (HPV) टीकाकरण कार्यक्रम के सफल संचालन को लेकर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य पदाधिकारी (DRCHO) डॉ. किरण माला के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ, जिसमें विद्यालय की कक्षा 8वीं एवं 9वीं की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छात्राओं को नियमित टीकाकरण (Routine Immunization) के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही एचपीवी वायरस के प्रकार, संक्रमण के कारण, संभावित दुष्प्रभाव तथा इससे बचाव के उपायों पर वैज्ञानिक एवं सरल तरीके से जानकारी साझा की गई।
स्वास्थ्यकर्मियों ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव में अत्यंत प्रभावी और सुरक्षित मानी जाती है। यह टीका किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे भविष्य में कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी के खतरे को कम किया जा सकता है।

कार्यक्रम में छात्राओं एवं विद्यालय परिवार को यह भी जानकारी दी गई कि अभिभावकों द्वारा सहमति पत्र (Consent Form) पर अनुमति दिए जाने के उपरांत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तर पर छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन का सिंगल डोज दिया जाएगा।
इस अवसर पर छात्राओं ने स्वास्थ्य से जुड़े कई प्रश्न पूछे, जिनका स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सरल और वैज्ञानिक तरीके से उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे किशोरियों के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में सराहनीय प्रयास बताया।
स्वास्थ्य विभाग ने आमजनों एवं अभिभावकों से अपील की कि वे एचपीवी टीकाकरण कार्यक्रम में सहयोग करें तथा किशोरियों को समय पर टीकाकरण के लिए प्रेरित करें, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव सुनिश्चित किया जा सके।



