Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

राजमहल में MDMA ड्रग्स के साथ दो गिरफ्तार, पुलिस ने 13.7 ग्राम मादक पदार्थ किया बरामद।

गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, फुलवरिया पटाल बगीचा में हुई छापेमारी।

साहिबगंज। जिले के राजमहल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए MDMA ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 13.7 ग्राम प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किया है।

इस संबंध में राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने सोमवार को राजमहल अनुमंडल पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान विस्तृत जानकारी दी।

एसडीपीओ ने बताया कि साहिबगंज पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि राजमहल थाना क्षेत्र के फुलवरिया पटाल बगीचा के समीप अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

राजमहल प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचल अधिकारी की उपस्थिति में पुलिस टीम ने फुलवरिया पटाल बगीचा के पास छापेमारी अभियान चलाया। इसी दौरान पुलिस को देखकर एक युवक भागने लगा, जिसे पुलिस बल ने खदेड़कर पकड़ लिया।

तलाशी लेने पर उसके पॉकेट से 13.7 ग्राम MDMA ड्रग्स जैसा प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किया गया। पूछताछ में गिरफ्तार युवक ने अपना नाम फकरुद्दीन शेख उर्फ मिंटू (29 वर्ष) बताया। वह स्वर्गीय मनारूल शेख का पुत्र तथा मुर्गीटोला, राजमहल थाना क्षेत्र, जिला साहिबगंज का निवासी है।

गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान अवैध ड्रग्स कारोबार में सलमान शेख की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सलमान शेख को भी गिरफ्तार कर लिया।

सलमान शेख, सुकरुद्दीन शेख का पुत्र है तथा फुलवरिया, थाना राजमहल, जिला साहिबगंज का निवासी बताया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

इस मामले में राजमहल थाना कांड संख्या 181/26, दिनांक 07 जून 2026 के तहत NDPS एक्ट 1985 की धारा 21/27 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

इस अभियान में राजमहल अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ, थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, पवन यादव, महादेव उरांव, बृजनंदन चौधरी, हवलदार महेंद्र यादव, आरक्षी संख्या 536 दिनेश कुमार सहित अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!