तालझारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के दिए कई अहम निर्देश।
ओपीडी व्यवस्था में सुधार, चिकित्सकों की जवाबदेही तय, बीपीएचयू भवन के विकास एवं सोलर प्लांट मरम्मत के निर्देश।

साहिबगंज। जिले उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, तालझारी का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, चिकित्सा व्यवस्था, आधारभूत संरचना एवं विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन का जायजा लिया तथा स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बाह्य रोग विभाग (ओपीडी), अंतरंग रोग विभाग (आईपीडी), दवा वितरण केंद्र, स्टोर रूम, प्रयोगशाला (लैबोरेट्री) सहित विभिन्न विभागों का भ्रमण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कुल छह चिकित्सा पदाधिकारी पदस्थापित एवं प्रतिनियुक्त हैं। इस पर उपायुक्त ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के अतिरिक्त एक अन्य चिकित्सक को भी नियमित रूप से ओपीडी सेवाओं में लगाने का निर्देश दिया, ताकि मरीजों को बेहतर एवं त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो सके।
इसके अलावा अन्य चार चिकित्सा पदाधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन, सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन एवं स्वास्थ्य कार्यक्रमों की निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को इन चिकित्सकों के कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं अनुश्रवण करने का भी निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने ऐसे सभी स्वास्थ्य उपकेंद्रों की समीक्षा की, जहां वर्तमान में केवल एक एएनएम अथवा जीएनएम कार्यरत हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से नियमानुसार बाह्य स्रोत से एसबीए (स्किल्ड बर्थ अटेंडेंट) नर्सों की सेवा प्राप्त करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित प्रसव एवं मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिक प्राथमिकताओं में शामिल है।
निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में निर्मित बीपीएचयू (ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट) भवन की आधारभूत संरचना के विकास पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने भवन के लिए आवश्यक सुविधाओं के विकास हेतु जिला योजना पदाधिकारी को शौचालय निर्माण, बोरिंग, चहारदीवारी एवं पेवर्स ब्लॉक निर्माण के लिए स्थल निरीक्षण कर शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश दिया।
साथ ही भवन के आसपास स्थित पुराने एवं जर्जर भवनों की तकनीकी जांच कराने के लिए भवन प्रमंडल, साहिबगंज के कार्यपालक अभियंता को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित सोलर प्लांट के बैटरी पैनल की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सोलर आधारित योजनाओं के नोडल पदाधिकारी को आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव कार्य शीघ्र कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। सोलर प्रणाली को पूरी तरह कार्यशील बनाए रखने से मरीजों एवं स्वास्थ्य सेवाओं पर किसी प्रकार का प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा स्वास्थ्य संस्थानों की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि दिए गए निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तालझारी तथा इसके अधीनस्थ स्वास्थ्य संस्थानों में आम नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित, गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।



