झारखंड

साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई: 34 बोतल विदेशी शराब बरामद, तस्करों की तलाश जारी।

सीआईबी मालदा और आरपीएफ साहिबगंज की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता।

साहिबगंज। रेलवे परिसर में अवैध गतिविधियों और प्रतिबंधित सामानों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईबी मालदा एवं आरपीएफ साहिबगंज की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। जांच अभियान के दौरान साहिबगंज रेलवे स्टेशन से लावारिस अवस्था में रखी गई 34 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की कुल मात्रा 17.250 लीटर तथा अनुमानित बाजार मूल्य 18,860 रुपये आंका गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 जून की सुबह सीआईबी मालदा की टीम ने आरपीएफ पोस्ट साहिबगंज के सहयोग से रेलवे स्टेशन परिसर में विशेष जांच अभियान चलाया। सुबह लगभग 7 बजे प्लेटफॉर्म संख्या 2 एवं 3 पर गहन निगरानी और तलाशी अभियान के दौरान टीम की नजर ट्रेन संख्या 63431 अप (साहिबगंज–जमालपुर मेमू) के एक सामान्य कोच में सीट के नीचे रखे दो संदिग्ध प्लास्टिक के बोरों पर पड़ी। संदेह होने पर जब दोनों बोरों की तलाशी ली गई तो उनमें बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

जांच के दौरान प्रत्येक बोरे से 6 बोतल मैजिक मोमेंट्स रीमिक्स (750 एमएल) तथा 11 बोतल मैजिक मोमेंट्स रीमिक्स (375 एमएल) बरामद की गई। इस प्रकार दोनों बोरों से कुल 34 बोतल विदेशी शराब जब्त की गई।

शराब बरामद होने के बाद टीम ने यात्रियों एवं आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ कर उसके मालिक की पहचान करने का प्रयास किया, लेकिन कोई भी व्यक्ति सामान पर दावा करने सामने नहीं आया।

प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई गई है कि रेलवे मार्ग से अवैध रूप से शराब की तस्करी की जा रही थी। जांच एवं सुरक्षा बलों की सक्रियता को देखते हुए तस्कर सामान को लावारिस छोड़कर फरार हो गए।

सभी कानूनी प्रक्रियाओं का पालन करते हुए सीआईबी मालदा के एएसआई रविशंकर यादव द्वारा प्लेटफॉर्म संख्या 3 पर फुट ओवरब्रिज (एफओबी) के बरहरवा छोर के निकट सुबह 7:58 बजे से 8:30 बजे के बीच उपलब्ध गवाहों की उपस्थिति में जब्ती सूची तैयार की गई। इसके बाद शराब को लावारिस संपत्ति के रूप में विधिवत जब्त कर लिया गया।

जब्त की गई शराब को सुरक्षित अभिरक्षा में रखते हुए आरपीएफ पोस्ट साहिबगंज लाया गया तथा आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरपीएफ निरीक्षक, साहिबगंज को सुपुर्द कर दिया गया। मामले में संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रेलवे सुरक्षा बल एवं सीआईबी द्वारा रेलवे मार्ग से होने वाली अवैध तस्करी, प्रतिबंधित वस्तुओं की आवाजाही तथा असामाजिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान जारी रहेंगे और अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!