झारखंड

अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस पर साहिबगंज में चला व्यापक जागरूकता अभियान, नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने 'DAWN' योजना के तहत विद्यालयों, पंचायतों, मंडल कारा एवं बाल सुधार गृहों में चलाए जागरूकता कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक और सोशल मीडिया अभियान के माध्यम से दिया नशे के विरुद्ध सशक्त संदेश।

साहिबगंज। अंतर्राष्ट्रीय नशा मुक्ति एवं अवैध तस्करी निषेध दिवस के अवसर पर झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज अखिल कुमार के मार्गदर्शन में पूरे जिले में व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं सहित आम नागरिकों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशामुक्त, स्वस्थ एवं सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज द्वारा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) की महत्वाकांक्षी ‘DAWN’ (Drug Awareness and Wellness Navigation) योजना के अंतर्गत जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस योजना का उद्देश्य नशीले पदार्थों के दुरुपयोग की रोकथाम के लिए कानूनी सहायता तंत्र को सशक्त बनाना, जन-जागरूकता बढ़ाना तथा संबंधित संस्थाओं की क्षमता का विकास करना है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों, सामुदायिक स्थलों, मंडल कारा तथा बाल सुधार गृहों में विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में लीगल एड डिफेंस काउंसिल (LADC) के सदस्यों एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स (न्याय मित्र) ने सक्रिय भागीदारी निभाई, जिससे अभियान को व्यापक जनसमर्थन और प्रभाव मिला।

कार्यक्रमों के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं कानूनी दुष्परिणामों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य और भविष्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार एवं पूरे समाज के लिए भी गंभीर चुनौती बन जाता है। साथ ही नशीले पदार्थों से जुड़े कानूनी प्रावधानों एवं दंडात्मक व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी गई।

प्रतिभागियों को नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेलकूद, योग, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे स्वस्थ, सकारात्मक एवं जिम्मेदार जीवनशैली का चयन कर सकें।

अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर नशा मुक्ति एवं पुनर्वास विषय पर प्रभावशाली नुक्कड़ नाटकों का मंचन भी किया गया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों को सरल, प्रभावशाली एवं मनोरंजक तरीके से नशे के खिलाफ जागरूक किया गया।

इसके अलावा, नालसा द्वारा जारी विशेष जिंगल “तुम मत गिरना” तथा आधिकारिक DAWN अभियान वीडियो को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर व्यापक रूप से साझा किया गया। SayNoToDrugsYesToLife, DrugsFreeIndia, YuddhNasheKeVirudh एवं NashaMuktBharat जैसे हैशटैग के माध्यम से लोगों से नशामुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी की अपील की गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव विश्वनाथ भगत ने कहा कि नशे के विरुद्ध यह जन-जागरूकता अभियान केवल एक दिवस तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता से ही साहिबगंज को नशामुक्त, स्वस्थ, सुरक्षित एवं समृद्ध जिला बनाया जा सकता है। जिला विधिक सेवा प्राधिकार इस दिशा में निरंतर प्रयासरत रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!