गन्ना विकास योजना से किसानों को मिला तकनीकी संबल, आधुनिक कृषि यंत्रों का हुआ वितरण।
साहिबगंज में 22 पावर स्प्रेयर व 4 पावर वीडर बांटे गए, खेती हुई आसान, सुरक्षित और लाभकारी।

साहिबगंज।जिले में कृषि क्षेत्र को आधुनिक और सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल के तहत “गन्ना विकास योजना” अंतर्गत किसानों के बीच आधुनिक कृषि यंत्रों का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम सहायक निदेशक, गन्ना विकास कार्यालय, साहिबगंज के तत्वावधान में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में किसान लाभुक के रूप में शामिल हुए।
कार्यक्रम में कृषि पदाधिकारी प्रमोद एक्का एवं सहायक निदेशक गन्ना विकास पदाधिकारी अमितेश रंजन की गरिमामयी उपस्थिति रही। अधिकारियों ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य खेती को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए इसे अधिक सरल, सुरक्षित और लाभकारी बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान किसानों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कुल 22 पावर स्प्रेयर और 4 पावर वीडर का वितरण किया गया। ये उपकरण विशेष रूप से गन्ना खेती की चुनौतियों को कम करने के उद्देश्य से उपलब्ध कराए गए हैं।

वितरित किए गए पावर स्प्रेयर पेट्रोल संचालित हैं और लगभग 30 मीटर तक दवा का प्रभावी छिड़काव करने में सक्षम हैं। इसकी मदद से किसान खेत के बाहर खड़े होकर ही फसलों पर दवा का छिड़काव कर सकते हैं। इससे घने गन्ने के खेत में प्रवेश करने की आवश्यकता नहीं रहती, जिससे चोट लगने का खतरा कम होता है और समय व श्रम की बचत होती है।
पावर वीडर एक बहुउपयोगी कृषि यंत्र है, जो खेतों में निराई-गुड़ाई के कार्य को आसान और तेज बनाता है। यह मशीन फसल की कतारों के बीच उगने वाले खरपतवार को हटाकर फसल को पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराती है। साथ ही मिट्टी को भुरभुरी बनाकर जड़ों तक हवा और पानी के बेहतर संचार में सहायक होती है, जिससे उत्पादन में वृद्धि और लागत में कमी आती है।
यंत्र प्राप्त करने वाले किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। एक लाभार्थी किसान ने बताया कि पहले घने गन्ने के खेतों में जाकर दवा छिड़काव करना कठिन और जोखिम भरा होता था, लेकिन अब नई मशीन की सहायता से बाहर खड़े होकर ही आसानी से छिड़काव किया जा सकेगा। इससे समय और मेहनत दोनों की बचत होगी।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों द्वारा किसानों को मशीनों के सही संचालन एवं सुरक्षित उपयोग के बारे में विस्तृत जानकारी भी दी गई, ताकि वे इन उपकरणों का अधिकतम लाभ उठा सकें।
“गन्ना विकास योजना” के तहत आधुनिक कृषि यंत्रों का यह वितरण न केवल किसानों के लिए राहत लेकर आया है, बल्कि यह पहल खेती को तकनीकी रूप से उन्नत बनाकर किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।




