Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना में पाकुड़ जिले को मिला गौरवपूर्ण सम्मान।

रांची में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में स्वच्छता, सुशासन और जनभागीदारी के उत्कृष्ट कार्यों के लिए कई श्रेणियों में सम्मानित हुआ पाकुड़।

रांची पाकुड़। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के अंतर्गत शुक्रवार को रांची स्थित खेलगांव इंडोर स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय भव्य समारोह में पाकुड़ जिले को विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले की पंचायत व्यवस्था, स्वच्छता, सुशासन एवं जनभागीदारी के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों को राज्य स्तर पर सराहा गया।

यह सम्मान न केवल जिले के लिए गौरव का विषय है, बल्कि पंचायत स्तर पर सतत विकास, पारदर्शिता एवं जनकल्याण के प्रति प्रशासन की प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है।

वर्ष 2024-25 के लिए पाकुड़ जिले को निम्नलिखित श्रेणियों में पुरस्कार प्राप्त हुए, स्वच्छ एवं स्वस्थ जिला, स्वच्छ एवं स्वस्थ पंचायत समिति, उत्कृष्ट ग्राम पंचायत, स्वच्छ एवं स्वस्थ ग्राम पंचायत, उत्कृष्ट ग्राम सभा ग्राम पंचायत।

इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले को प्राप्त इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान पूरी टीम के सामूहिक प्रयास, समर्पण और जनहित के प्रति निष्ठा का परिणाम है।

उन्होंने इस सफलता के लिए पूर्व उपायुक्त मनीष कुमार, जिला परिषद अध्यक्ष जूली खिष्टमणि हेम्ब्रम, जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, डीपीएम ई-पंचायत आनंद प्रकाश सहित सभी जिला एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों, कर्मियों तथा पंचायत प्रतिनिधियों को बधाई दी।

उपायुक्त ने कहा कि पंचायतों को सशक्त बनाने, ग्रामीण विकास को गति देने तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण हेतु सभी संबंधित इकाइयों ने समर्पित भाव से कार्य किया है। इसी का परिणाम है कि आज पाकुड़ जिला राज्य स्तर पर सम्मानित हुआ है।

उन्होंने यह भी कहा कि यह सम्मान केवल प्रशासनिक उपलब्धि नहीं, बल्कि पंचायत प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मियों एवं आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास का प्रतिफल है।

कार्यक्रम में राज्य के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान पंचायत स्तर पर नवाचार, स्वच्छता, सुशासन, जनभागीदारी एवं ग्रामीण विकास के उत्कृष्ट मॉडलों का प्रदर्शन किया गया तथा श्रेष्ठ कार्यों को सम्मानित कर प्रोत्साहित किया गया।

पाकुड़ जिले को प्राप्त यह सम्मान आने वाले समय में पंचायत सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान करेगा। यह उपलब्धि निश्चित रूप से जिले को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने में सहायक सिद्ध होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!