
राधानगर साहिबगंज। राधानगर थाना क्षेत्र के बेगमगंज में पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में राजमहल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी ने राधानगर थाना में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में पूरी जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि दिनांक 30 अप्रैल 2026 की रात करीब 10:00 बजे सूचना मिली कि बेगमगंज निवासी राखी देवी को उनके पति पार्थो घोष ने सुबह चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। घायल अवस्था में परिजन उसे इलाज के लिए मालदा ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना वरीय अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद राधानगर थाना कांड संख्या 139/26 दिनांक 01.05.2026 को धारा 126(2)/103(1)/61(2)(b)/352 BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के निर्देश पर, SDPO विमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पार्थो घोष पिता अजीत घोष, निवासी गोबरगाड़ी, थाना राधानगर, जिला साहिबगंज को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड तीरनुमा हिस्सा बरामद किया गया, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया है।
गिरफ्तार आरोपी को आज दिनांक शुक्रवार को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।
छापेमारी दल में शामिल अधिकारी इस कार्रवाई में राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिज़, संग्राम सिंह सोय, जमुराती अंसारी, मो. असलम, हवलदार पप्पू कुमार, हवलदार राजकिशोर यादव सहित अन्य पुलिस बल के जवान शामिल थे।
पुलिस की तत्परता से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी संभव हो सकी। इस घटना ने एक बार फिर घरेलू हिंसा के गंभीर परिणामों को उजागर किया है।

