झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) की नगर स्तरीय कमेटी का पुनर्गठन, तिलक हलदार बने नगर अध्यक्ष।
संगठन के विस्तार और मजबूती पर हुई विस्तृत चर्चा, 14 वार्डों में कमेटी गठन का निर्देश।

राजमहल साहिबगंज। झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) की नगर स्तरीय कमेटी के पुनर्गठन को लेकर मंगलवार को राजमहल स्थित निरीक्षण भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला सहायक मंत्री मिथुन राजवंशी ने की। इस दौरान संगठन को मजबूत बनाने, सदस्यता विस्तार और नगर स्तर पर संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में संघ के केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव मुख्य रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा तथा संगठन को जमीनी स्तर तक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक वार्ड और मोहल्ले में संगठन का विस्तार आवश्यक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

बैठक में सर्वसम्मति से नगर स्तरीय कमेटी का पुनर्गठन करते हुए विभिन्न पदों पर पदाधिकारियों का चयन किया गया। नई कमेटी में तिलक हलदार को नगर अध्यक्ष, सरवन मंडल को नगर महामंत्री, महेंद्र घोष को कोषाध्यक्ष तथा अशोक मंडल को सहायक मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की मजबूती और मजदूर हितों के संरक्षण के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का संकल्प लिया।
केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने नगर क्षेत्र के सभी 14 वार्डों में वार्ड स्तरीय कमेटियों का शीघ्र गठन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर मजबूत संगठनात्मक संरचना तैयार होने से मजदूरों की समस्याओं का समाधान प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा तथा संगठन की पहुंच आम लोगों तक बढ़ेगी।

बैठक में दुर्योधन कुमार शाह, सुरेंद्र कुमार, गौतम शाह, रवि घोष, फूल कुमारी देवी सहित संगठन के कई कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने और मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।




