Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक के जिला अध्यक्ष बने मनोज सोरेन।

केंद्रीय कार्यालय बाकुडी में हुई महत्वपूर्ण बैठक, आठ सदस्यीय चयन समिति ने लिया निर्णय; संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प।

साहिबगंज। झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक के जिला संगठन के पूर्ण गठन, पुनर्गठन एवं संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने को लेकर शनिवार को केंद्रीय कार्यालय बाकुडी में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक के जिला महामंत्री मोहम्मद इमाम विश्वास ने की। बैठक में संगठन के केंद्रीय पदाधिकारियों के साथ विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बैठक के दौरान जिला अध्यक्ष पद के चुनाव एवं संगठन के पुनर्गठन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। जिला अध्यक्ष पद के लिए मिथुन कुमार यादव और मनोज सोरेन ने अपनी-अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। इसके बाद जिला अध्यक्ष के चयन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सर्वसम्मति से संपन्न कराने के उद्देश्य से केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव की देखरेख में आठ सदस्यीय चयन समिति का गठन किया गया।

चयन समिति में केंद्रीय कार्यसमिति के सदस्य गणेश ठाकुर, फूल कुमारी देवी एवं रवि घोष के अलावा पांच प्रखंड अध्यक्ष दुर्योधन शाह, मोहम्मद निजामुद्दीन, आलोक घोष, फिरोज अंसारी एवं घोष को शामिल किया गया। समिति के सभी सदस्यों ने दोनों दावेदारों के संबंध में विस्तार से विचार-विमर्श किया। विचार-विमर्श एवं समिति के निर्णय के बाद केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने संगठन के जिला अध्यक्ष पद का पुनर्गठन करते हुए मनोज सोरेन को झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक का जिला अध्यक्ष मनोनीत किए जाने की घोषणा की।

मनोज सोरेन के जिला अध्यक्ष मनोनीत किए जाने की घोषणा होते ही बैठक में मौजूद संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया और उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। कार्यकर्ताओं ने उम्मीद जताई कि मनोज सोरेन के नेतृत्व में जिला संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा संगठन को प्रखंड से लेकर पंचायत एवं गांव स्तर तक और अधिक मजबूत किया जाएगा।

नवनियुक्त जिला अध्यक्ष मनोज सोरेन ने बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के केंद्रीय नेतृत्व एवं सभी पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने जिस विश्वास और उम्मीद के साथ उन्हें जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है, उस विश्वास पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ खरा उतरने का हरसंभव प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि संघ के नियमों एवं सिद्धांतों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए मजदूरों के हक और अधिकार की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष किया जाएगा। मजदूर किसी भी संगठन की मजबूत नींव होते हैं। ऐसे में मजदूरों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाना तथा उनके अधिकारों के लिए मजबूती से आवाज बुलंद करना संगठन की प्रमुख जिम्मेदारी होगी।

मनोज सोरेन ने कहा कि जिला संगठन को मजबूत बनाने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेदों को दूर रखते हुए एकजुट होकर काम करना होगा। उन्होंने संगठन के सभी सदस्यों से मजदूरों के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए हर स्तर पर प्रयास करने की अपील की।

बैठक में जिला संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, प्रखंड स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने तथा मजदूरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि किसी भी संगठन की वास्तविक मजबूती उसके जमीनी कार्यकर्ताओं से होती है। इसलिए संगठन को गांव एवं पंचायत स्तर तक मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय के साथ सक्रिय भूमिका निभानी होगी।

बैठक में वक्ताओं ने कहा कि मजदूरों की समस्याओं को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाएगा। मजदूरों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने, उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों एवं संस्थानों तक पहुंचाने तथा जरूरत पड़ने पर उनके हित में संघर्ष करने की रणनीति पर भी चर्चा की गई।

बैठक में उपस्थित संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिला अध्यक्ष मनोज सोरेन को शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक का जिला संगठन और अधिक मजबूत एवं सक्रिय होगा। साथ ही मजदूरों के हक, अधिकार एवं उनकी विभिन्न समस्याओं से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाया जाएगा।

बैठक में मुख्य रूप से केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव, केंद्रीय उपाध्यक्ष फूल कुमारी देवी, केंद्रीय सहायक मंत्री गणेश ठाकुर, केंद्रीय सदस्य रवि घोष सहित मोहम्मद सईद अख्तर, फिरोज अंसारी, पोलुस गुरु, मार्कश मुर्मू, उदरन हांसदा, राकेश महतो, रिंकू शेख, तरुण मंडल, सद्दाम अंसारी, हलीम अंसारी, मंटू कुमार गुप्ता, मुक्लेश्वर रहमान, शिवचरण मुर्मू, रीता मुर्मू, कल्पना दास समेत बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!