जिले की सभी पंचायतों में विशेष प्रमाण-पत्र शिविर को मिल रहा व्यापक जनसमर्थन, दूसरे दिन 2,702 आवेदन प्राप्त।
15 से 17 जून तक पंचायत स्तर पर चल रहा विशेष अभियान, विद्यार्थियों एवं अभ्यर्थियों को मिलेगा सीधा लाभ।

साहिबगंज। आगामी शैक्षिक सत्र, विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी नियुक्तियों, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा अन्य सरकारी लाभों के लिए आवश्यक जाति, आय एवं स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, साहिबगंज द्वारा जिले की सभी पंचायतों में विशेष प्रमाण-पत्र शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर 15 जून से 17 जून 2026 तक पंचायत सचिवालय स्तर पर संचालित हो रहा है, जहां आम नागरिकों को उनके गांव एवं पंचायत स्तर पर ही प्रमाण-पत्र से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
विशेष शिविर के दूसरे दिन जिलेभर में नागरिकों की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार जिले के विभिन्न प्रखंडों से कुल 2,702 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें जाति प्रमाण-पत्र के लिए 1,075 आवेदन, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र के लिए 1,423 आवेदन तथा आय प्रमाण-पत्र के लिए 204 आवेदन शामिल हैं।

शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों की ऑनलाइन प्रक्रिया भी तेजी से जारी है। अब तक कुल 1,293 आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि की जा चुकी है। इनमें 566 जाति प्रमाण-पत्र, 651 स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र तथा 76 आय प्रमाण-पत्र से संबंधित आवेदन शामिल हैं।
शिविर में प्रतिनियुक्त सरकारी कर्मियों एवं वीएलई (कॉमन सर्विस सेंटर) संचालकों द्वारा आवेदकों के आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर झारसेवा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन दर्ज किया जा रहा है। आवेदन जमा करने के साथ ही आवेदकों को तत्काल प्राप्ति रसीद भी उपलब्ध कराई जा रही है।
जिला प्रशासन की इस पहल से अब लोगों को प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ रहा है। पंचायत स्तर पर ही आवेदन की सुविधा मिलने से ग्रामीणों का समय, श्रम और आर्थिक संसाधनों की बचत हो रही है।

प्रमाण-पत्रों की आवश्यकता विशेष रूप से विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले नागरिकों को होती है। ऐसे में जिला प्रशासन का यह अभियान हजारों लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा है कि जिन नागरिकों को जाति, आय अथवा स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र की आवश्यकता है, वे अपने निकटतम पंचायत सचिवालय पहुंचकर इस विशेष शिविर का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि 17 जून 2026 शिविर का अंतिम दिन है, इसलिए पात्र नागरिक समय रहते अपना आवेदन जमा कर इस सुविधा का लाभ सुनिश्चित करें।
कुल प्राप्त आवेदन : 2,702, जाति प्रमाण-पत्र : 1,075, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र : 1,423, आय प्रमाण-पत्र : 204, ऑनलाइन प्रविष्टि किए गए आवेदन : 1,293, जाति प्रमाण-पत्र (ऑनलाइन) : 566, स्थानीय निवासी (ऑनलाइन) : 651, आय प्रमाण-पत्र (ऑनलाइन) : 76
जिला प्रशासन का यह विशेष अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन और जनसेवा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।




