Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

एक माह में सभी आँगनबाड़ी केंद्रों का विद्युतीकरण सुनिश्चित करें: उपायुक्त दीपक कुमार दुबे।

413 केंद्र अब भी बिजली से वंचित, पोषण ट्रैकर ऐप में सटीक अपडेट देने के निर्देश।

साहिबगंज।जिले के सभी आँगनबाड़ी केंद्रों में विद्युत सुविधा सुनिश्चित करने को लेकर उपायुक्त दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत विभाग एवं बाल विकास परियोजना से जुड़े अधिकारियों के साथ विद्युतीकरण कार्य की प्रगति का विस्तार से मूल्यांकन किया गया।

बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि पोषण ट्रैकर ऐप में उपलब्ध अद्यतन आंकड़ों के अनुसार जिले के कुल 413 आँगनबाड़ी केंद्र अब भी विद्युत सुविधा से वंचित हैं। इस स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों सीडीपीओ को निर्देशित किया कि जिन आँगनबाड़ी केंद्रों में विद्युत सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है, उनकी जानकारी एक सप्ताह के भीतर पोषण ट्रैकर ऐप में अनिवार्य रूप से अपडेट की जाए। उन्होंने कहा कि सही डेटा उपलब्ध होने से योजनाओं की निगरानी और क्रियान्वयन में पारदर्शिता आएगी।

इसके साथ ही उपायुक्त ने बाल विकास परियोजना अधिकारियों को विद्युत विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए शेष सभी आँगनबाड़ी केंद्रों का एक माह के भीतर विद्युतीकरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि समयसीमा का सख्ती से पालन किया जाए और कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि आँगनबाड़ी केंद्रों में बिजली उपलब्ध होने से बच्चों एवं गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को बेहतर सेवाएं मिलेंगी। साथ ही पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े कार्यक्रमों का प्रभावी संचालन संभव हो सकेगा।

बैठक में परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, विद्युत विभाग के अभियंता शंभू नाथ चौधरी, विभिन्न बाल विकास परियोजना अधिकारी तथा अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!