ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति पर उपायुक्त सख्त, एक माह में अधूरे कार्य पूरे करने के निर्देश।
18 पुलों का कार्य 90% से अधिक पूर्ण, मानसून से पहले सभी परियोजनाएं खत्म करने का लक्ष्य।

साहिबगंज। जिले में ग्रामीण विकास को गति देने के उद्देश्य से उपायुक्त दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चल रही परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।
समीक्षा के दौरान कार्यपालक अभियंता ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक कुल 09 पुलों का निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इसके अलावा 18 ऐसे पुल हैं, जिनका भौतिक कार्य 90 प्रतिशत या उससे अधिक पूरा हो चुका है और वे अंतिम चरण में हैं।
इस पर उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जिन योजनाओं का कार्य 90 प्रतिशत तक पूरा हो चुका है, उन्हें हर हाल में एक माह के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने यह भी जोर दिया कि सभी निर्माण कार्य मानसून शुरू होने से पहले हर स्थिति में समाप्त कर लिए जाएं, ताकि बारिश के कारण कार्य प्रभावित न हो।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकासात्मक योजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का क्रियान्वयन पारदर्शिता एवं तेज गति से सुनिश्चित किया जाए, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में विकास का लाभ शीघ्र पहुंच सके।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने प्रखंड क्षेत्रों में योजनाओं की नियमित निगरानी करें। यदि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न होती है, तो उसकी सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते समाधान कर कार्य में देरी को रोका जा सके।
इस अवसर पर ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता रामाकांत सहित विभाग के सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता उपस्थित थे।



