तीनपहाड़ स्टेशन पर दो चोरी के मोबाइल के साथ 59 वर्षीय व्यक्ति गिरफ्तार।
बरहरवा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों से मोबाइल चोरी करने की बात स्वीकार, आरपीएफ ने जीआरपी बरहरवा को सौंपा।

बरहरवा साहिबगंज। रेलवे यात्रियों की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण को लेकर रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे गश्ती एवं निगरानी अभियान के दौरान तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन से चोरी के दो मोबाइल फोन के साथ 59 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने दोनों मोबाइल फोन बरहरवा रेलवे स्टेशन पर सो रहे यात्रियों से चोरी करने की बात स्वीकार की। आरपीएफ ने जब्त मोबाइल फोन एवं गिरफ्तार व्यक्ति को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा को सौंप दिया।
जानकारी के अनुसार, आरपीएफ इंस्पेक्टर बरहरवा संजीव कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ पोस्ट बरहरवा की टीम 2 अक्टूबर को तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर गश्त एवं निगरानी कर रही थी। टीम में सहायक उपनिरीक्षक जलेश्वर कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल विजय लकड़ा, कांस्टेबल अनिल कुमार साह, कांस्टेबल अजय कुमार तथा हेड कांस्टेबल ब्रजेश कुमार यादव शामिल थे।
गश्त के दौरान आरपीएफ टीम ने तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन के प्रतीक्षालय की जांच की। इसी दौरान एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठा मिला। पूछताछ में उसने अपना नाम शैलेन्द्र मंडल 59 वर्ष, पिता स्वर्गीय वासुदेव मंडल, निवासी मंडपारा, थाना एवं जिला गोड्डा, झारखंड बताया।
आरपीएफ द्वारा उसके स्टेशन पर आने और जाने के संबंध में जानकारी मांगी गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। उसके व्यवहार एवं जवाबों पर संदेह होने के बाद आरपीएफ टीम ने उसके बैग की नियमानुसार तलाशी ली।
तलाशी के दौरान बैग से कपड़े में लिपटे दो मोबाइल फोन बरामद हुए। इनमें एक Samsung और दूसरा Realme C-21 मोबाइल था। दोनों फोन बिना सिम कार्ड के और लॉक अवस्था में पाए गए।

बरामद Samsung मोबाइल का अनुमानित मूल्य ₹17,599, जबकि Realme C-21 की कीमत ₹9,999 बताई गई। दोनों मोबाइल फोन का कुल अनुमानित मूल्य ₹27,598 है।
आरपीएफ के अनुसार पूछताछ के दौरान शैलेन्द्र मंडल ने दोनों मोबाइल फोन बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रात में सो रहे यात्रियों से चोरी करने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि मोबाइल चोरी करने के बाद वह उसी रात जमालपुर सुपर ट्रेन से तीनपहाड़ पहुंचा था। इसके बाद वह कुछ समय के लिए स्टेशन से बाहर चला गया और दिन में भोजन करने के बाद दोबारा तीनपहाड़ स्टेशन के प्रतीक्षालय में आया था।
आरपीएफ ने दोनों मोबाइल फोन के संबंध में वैध स्वामित्व दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई संतोषजनक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद सहायक उपनिरीक्षक जलेश्वर कुमार दुबे ने दोनों मोबाइल फोन को नियमानुसार जब्त किया।
आरपीएफ टीम ने लिखित शिकायत, जब्त मोबाइल फोन एवं गिरफ्तार व्यक्ति को जीआरपी बरहरवा के सुपुर्द कर दिया। मामले में जीआरपी द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




