झारखंड

बरहरवा में श्रद्धा से मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती।

सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प।

बरहरवा साहिबगंज। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को बरहरवा प्रखंड कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन नगर अध्यक्ष मनोज घोष के नेतृत्व में हुआ। इस दौरान कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड 20 सूत्री अध्यक्ष अशोक कुमार दास ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के माध्यम से देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि गांधीजी का जीवन हमें सत्य के मार्ग पर चलने, अन्याय के खिलाफ अहिंसक संघर्ष करने तथा समाज में शांति और भाईचारा बनाए रखने की प्रेरणा देता है।

उन्होंने कहा कि गांधीजी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक एकता के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। वर्तमान समय में समाज में आपसी सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने के लिए उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारने की आवश्यकता है।

अशोक कुमार दास ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शास्त्री ने अपनी सादगी, ईमानदारी, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्रसेवा से सार्वजनिक जीवन में आदर्श स्थापित किया। उनका जीवन देश के प्रति समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल है।

उन्होंने कहा कि गांधीजी का सत्य एवं अहिंसा और शास्त्री की सादगी एवं राष्ट्रसेवा आज भी समाज और देश को सही दिशा देने में सक्षम है। उनके आदर्शों को आत्मसात करना ही दोनों महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता कमल आर्य ने भी महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गांधीजी ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता और सामाजिक एकता का संदेश दिया, जबकि शास्त्री ने सादगी, अनुशासन, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को अपने जीवन का आधार बनाया।

उन्होंने वर्तमान पीढ़ी से दोनों महापुरुषों के विचारों से प्रेरणा लेकर समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गांधीजी और शास्त्री के बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक सौहार्द, आपसी भाईचारे, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्रहित को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।

मौके पर भोलानाथ महतो, अश्वनी आनंद, संतोष झा, नेहाल अख्तर, नितय सरकार, शारिक रब्बानी, राजू, बिष्णु मॉल, सत्यम यादव, आलमगीर मंसूरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!