बोरियो प्रखंड में उपायुक्त दीपक कुमार दुबे का सघन निरीक्षण, शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था सुधारने के सख्त निर्देश।
विद्यालय में शिक्षकों की कमी पर जताई नाराजगी, प्रधानाचार्य का वेतन स्थगित करने का आदेश, स्वास्थ्य केंद्रों में सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश, योजनाओं की समीक्षा में तेजी लाने पर जोर।

बोरियो साहिबगंज।जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने शनिवार को बोरियो प्रखंड के विभिन्न संस्थानों का सघन निरीक्षण कर शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कार्यों में सुधार और तेजी लाने का स्पष्ट निर्देश दिया।
निरीक्षण की शुरुआत राजकीय अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय, बोरियो से की गई। उपायुक्त ने कक्षाओं में जाकर छात्रों की उपस्थिति एवं पठन-पाठन की गुणवत्ता का आकलन किया। विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई, विषयों की समझ और विद्यालय की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान प्रधानाचार्य की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और प्रधानाचार्य का वेतन स्थगित करने के साथ स्पष्टीकरण देने का आदेश दिया।

उपायुक्त ने विद्यालय में शिक्षकों की उपस्थिति पंजी, रोस्टर एवं अन्य अभिलेखों की जांच की। साथ ही मध्यान्ह भोजन (MDM) योजना के तहत बच्चों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का निरीक्षण कर स्वच्छता और पोषण मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विद्यालय परिसर में पेयजल व्यवस्था की समीक्षा के दौरान दो चापाकल एवं एक बोरिंग खराब पाए गए, जिसे शीघ्र मरम्मत करने का निर्देश संबंधित विभाग को दिया गया।
इसके पश्चात उपायुक्त ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बांझी का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति की जांच करते हुए दवाइयों एवं टीकों की उपलब्धता की जानकारी ली। प्रसव कक्ष, पुरुष एवं महिला वार्ड, डायग्नोस्टिक कक्ष और पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया गया।

निरीक्षण के दौरान एएनएम द्वारा बताया गया कि स्वास्थ्य केंद्र में सोलर पैनल लाइट खराब है तथा मुख्य द्वार से पोर्टिको तक पेवर ब्लॉक की आवश्यकता है। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करते हुए सोलर पैनल ठीक कराने और पेवर ब्लॉक निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने बांझी पंचायत सचिवालय का भी निरीक्षण किया।
इसके बाद उपायुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बोरियो का निरीक्षण किया। उन्होंने आकस्मिक कक्ष, प्रयोगशाला, नेत्र जांच कक्ष, टीकाकरण कक्ष, शीत श्रृंखला कक्ष, एक्स-रे कक्ष एवं बाह्य रोगी कक्ष का अवलोकन किया। इस दौरान दवाइयों की उपलब्धता, टीकाकरण व्यवस्था एवं विशेष रूप से एंटी-रेबीज वैक्सीन की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बोरियो प्रखंड सभागार में समीक्षा बैठक भी की। बैठक में उन्होंने 17 पंचायतों की स्थिति, पंचायत सचिवों की उपस्थिति एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक के दौरान जन-मन आवास योजना, अबुआ आवास योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, बिरसा हरित ग्राम योजना, 15वें वित्त आयोग की योजनाएं, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं एवं भूमि अधियाचन से जुड़े कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ शत-प्रतिशत पहुंचे।

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग, पारदर्शिता के साथ कार्यान्वयन और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत सचिव सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



