Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

उपायुक्त ने गुतु गलांग कल्याण ट्रस्ट का किया निरीक्षण, पहाड़िया महिलाओं के आत्मनिर्भरता मॉडल की सराहना।

उत्पादन बढ़ाने, मशीन अपग्रेडेशन और बाजार विस्तार के दिए निर्देश, ‘पलाश’ ब्रांड से जुड़ी पहल को बताया सराहनीय।

लिट्टीपाड़ा पाकुड़। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने आकांक्षी लिट्टीपाड़ा प्रखंड स्थित गुतु गलांग कल्याण ट्रस्ट का निरीक्षण कर वहां संचालित विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पहाड़िया समुदाय की महिलाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए इसे आत्मनिर्भरता का उत्कृष्ट मॉडल बताया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने ट्रस्ट परिसर में संचालित बोरा सिलाई केंद्र का अवलोकन किया। यहां कार्यरत पहाड़िया समुदाय की महिलाओं (दीदियों) से उन्होंने सीधे संवाद कर उनके कार्य, उत्पादन क्षमता एवं आय के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 5,000 से 6,000 बोरे सिलाई किए जाते हैं, जबकि प्रतिमाह 1 लाख से 1.5 लाख बोरे तैयार किए जाते हैं। ये बोरे झारखंड के 22 जिलों में डाकिया योजना के तहत चावल पैकेजिंग के लिए उपयोग किए जाते हैं।

महिलाओं ने यह भी बताया कि इस कार्य से उन्हें प्रति माह लगभग 6,000 से 7,000 रुपये की आय हो रही है, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बन रही हैं और अपने परिवार की स्थिति को बेहतर कर रही हैं।

ट्रस्ट की मुख्य ट्रस्टी रूबी मालतो ने उपायुक्त को संस्था की स्थापना, प्रगति, कार्य विस्तार एवं उपलब्धियों की विस्तृत जानकारी दी। उपायुक्त ने उत्पादन क्षमता को और अधिक बढ़ाने के लिए मशीनों के अपग्रेडेशन का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) को निजी क्षेत्र में भी बोरे की आपूर्ति की संभावनाएं तलाशने और बाजार विस्तार की दिशा में ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महिलाओं ने यह भी बताया कि वे बरबटी एवं बाजरा की खरीद कर उसकी पैकेजिंग कर रही हैं, जिसे सरकार के ‘पलाश’ ब्रांड से जोड़ा गया है। इस पहल की सराहना करते हुए उपायुक्त ने कहा कि यह स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने और ग्रामीण महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

उपायुक्त ने महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि यदि उन्हें किसी प्रकार की आवश्यकता हो तो वे खुलकर अपनी बात रखें, जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा, “खुद की मेहनत से कमाया गया पैसा सबसे अधिक संतोष और खुशियां देता है।”

उन्होंने सभी महिलाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें इसी लगन और आत्मविश्वास के साथ कार्य करते रहने की प्रेरणा दी तथा अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार से जुड़ने का संदेश दिया।

इस अवसर पर विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार, जेएसएलपीएस के डीपीएम प्रवीण मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!