उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने लिट्टीपाड़ा प्रखंड सह अंचल कार्यालय का किया निरीक्षण, जनसेवा व लंबित मामलों पर सख्त निर्देश।
कार्यालयीन व्यवस्था, स्वच्छता, कर्मियों की उपस्थिति और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा; समयबद्ध एवं पारदर्शी सेवा सुनिश्चित करने पर जोर।

लिट्टीपाड़ा पाकुड़।उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने गुरुवार को लिट्टीपाड़ा प्रखंड सह अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यों, जनसेवा व्यवस्था एवं लंबित मामलों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं में संचालित कार्यों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने कम्प्यूटर कक्ष, लिपिक कक्ष सहित अन्य महत्वपूर्ण शाखाओं का निरीक्षण किया और वहां चल रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रखंड एवं अंचल कार्यालय में संचालित सरकारी योजनाओं, राजस्व कार्यों, पेंशन योजनाओं एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की।

उपायुक्त ने विशेष रूप से कार्यालय की स्वच्छता, कर्मियों की उपस्थिति, आम नागरिकों को दी जा रही सेवाओं की गुणवत्ता तथा शिकायतों के समाधान की स्थिति का मूल्यांकन किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सरकारी कार्यालयों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को समय पर, पारदर्शी और सम्मानजनक सेवा मिलनी चाहिए।
उन्होंने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर जोर देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा, “जनसेवा ही प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सभी अधिकारी और कर्मी समन्वय, पारदर्शिता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समय पर पहुंच सके।”निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।




