लिट्टीपाड़ा पंचायत सचिवालय का उपायुक्त ने किया औचक निरीक्षण, कार्यालय अवधि में भवन बंद नहीं रखने के सख्त निर्देश।
योजनाओं की प्रगति, कार्यप्रणाली और जनसेवा व्यवस्था की समीक्षा — पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध सेवा सुनिश्चित करने पर जोर।

लिट्टीपाड़ा पाकुड़। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने गुरुवार को लिट्टीपाड़ा प्रखंड अंतर्गत लिट्टीपाड़ा पंचायत सचिवालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिवालय खुला पाया गया तथा संबंधित मुखिया, पंचायत सचिव एवं वीएलई उपस्थित मिले।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने पंचायत सचिवालय में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं व्यवस्थाओं का विस्तार से जायजा लिया। उन्होंने भस्मक, हैंड वॉश यूनिट, सेग्रीगेशन बीन, ज्ञान केंद्र सहित अन्य योजनाओं का निरीक्षण करते हुए उनके क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली।
उपायुक्त ने पंचायत स्तर पर संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति, अभिलेख संधारण, आमजनों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा पंचायत भवन की कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पंचायत भवन एक महत्वपूर्ण सरकारी कार्यालय है और कार्यालय अवधि में इसे किसी भी परिस्थिति में बंद नहीं रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिवालय आम जनता की समस्याओं के समाधान और सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रमुख केंद्र है, इसलिए इसकी नियमित कार्यशीलता अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने आगे कहा कि पंचायत स्तर पर प्रशासन की सक्रियता ही ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला है। आम नागरिकों को समय पर सेवाएं उपलब्ध कराना तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उपायुक्त ने अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देशित किया कि पंचायत सचिवालय को जनसेवा का सशक्त केंद्र बनाया जाए और कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी संजय कुमार, प्रभारी डीपीएम ई-पंचायत आनंद प्रकाश, बीपीआरओ कमल पहाड़िया, पंचायत सचिव, मुखिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


