Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक की उधवा प्रखंड बैठक संपन्न, संगठन विस्तार एवं श्रमिक हितों पर हुई विस्तृत चर्चा।

गांव-गांव और पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान, स्थानीय रोजगार सृजन पर दिया गया जोर।

उधवा साहिबगंज। झारखंड मजदूर संघ प्रजातांत्रिक की उधवा प्रखंड इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को मोहनपुर स्थित तरुण मंडल आवास में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद नमउद्दीन ने की। बैठक में संगठन की मजबूती, श्रमिकों की विभिन्न समस्याओं तथा क्षेत्र की जनसमस्याओं पर व्यापक चर्चा की गई।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में संघ के केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव तथा केंद्रीय उपाध्यक्ष फूल कुमारी देवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने कहा कि किसी भी संगठन की मजबूती उसके जमीनी ढांचे पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि गांव-गांव, टोला-टोला एवं पंचायत स्तर तक पंचायत कमेटियों का गठन किया जाना चाहिए, ताकि संगठन की पहुंच आम मजदूरों तक सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन के नियमों, उद्देश्यों एवं श्रमिक हितों से जुड़े कार्यक्रमों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही श्रम कार्ड से मिलने वाले विभिन्न सरकारी लाभों की जानकारी मजदूरों तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया।

राजकुमार यादव ने कहा कि क्षेत्र से लगातार हो रहे मजदूरों के पलायन पर रोक लगाने के लिए सरकार को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने होंगे। उन्होंने कहा कि स्थानीय रोजगार सृजन सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि मजदूरों को अपने परिवार से दूर जाकर रोजगार की तलाश न करनी पड़े।

बैठक में श्रमिकों के अधिकारों, सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा तथा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। उपस्थित सदस्यों ने संगठन को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में केंद्रीय उपाध्यक्ष फूल कुमारी देवी, मोहम्मद सैयद अख्तर, मोहम्मद गुलाम सरवर, मुख्लेश्वर रहमान, ललित सिंह, मुजफ्फर, बदरुद्दीन, शौकत अली सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!