जनता दरबार में जिलेवासियों की समस्याओं को सुनकर त्वरित समाधान का आश्वासन।
उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में अपर समाहर्ता गौतम भगत ने किया जनता दरबार का आयोजन।

साहिबगंज।जिलेवासियों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता गौतम भगत ने जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात की और उनके द्वारा प्रस्तुत समस्याओं एवं शिकायतों को गहनता से सुना।
अपर समाहर्ता ने उपस्थित सभी नागरिकों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनी और आश्वस्त किया कि संज्ञान में आने वाली प्रत्येक शिकायत की पूरी तरह जांच कराते हुए जल्द से जल्द उनका समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता दरबार के माध्यम से प्राप्त सभी शिकायतें जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित थीं, जिन्हें गंभीरता से लिया जाएगा।
जनता दरबार के दौरान आये सभी आवेदन और शिकायतों को सुनने के बाद अपर समाहर्ता गौतम भगत ने संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी आवेदनों की भौतिक जांच कराते हुए उनका समाधान यथाशीघ्र सुनिश्चित करें।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विभागीय अधिकारी त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रत्येक शिकायत का प्रतिपुष्टि उपायुक्त कार्यालय को समर्पित करें, ताकि शिकायतों के निष्पादन में कोई बाधा न आए और जिलेवासियों को शीघ्र लाभ मिल सके।
इस प्रकार आयोजित जनता दरबार ने न केवल नागरिकों की समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुँचाने का अवसर दिया, बल्कि प्रशासन की पारदर्शिता और सक्रियता का भी प्रमाण प्रस्तुत किया। नागरिकों ने इस पहल की सराहना की और प्रशासन से अपेक्षा जताई कि सभी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।



