अनुकंपा नियुक्ति से तीन परिवारों को मिली नई उम्मीद, उपायुक्त ने सौंपे नियुक्ति पत्र।
कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने का दिया संदेश, तीन आश्रितों को मिली सरकारी सेवा।

पाकुड़। मृत सरकारी कर्मियों के आश्रितों को सहारा प्रदान करने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए तीन अभ्यर्थियों को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान की। समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने अनुकंपा नियुक्ति समिति की अनुशंसा के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।
ज्ञात हो कि अनुकंपा नियुक्ति समिति द्वारा 30 मई 2026 को की गई अनुशंसा के आलोक में यह नियुक्तियां प्रदान की गईं। नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान उपायुक्त ने चयनित अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

नियुक्ति प्राप्त करने वालों में अल्फ्रेड सोरेन को समाहरणालय, पाकुड़ में निम्नवर्गीय लिपिक, जीशान अहमद को शिक्षा विभाग में लिपिक तथा सालफि आलम को समाहरणालय, पाकुड़ में अनुसेवक पद पर नियुक्त किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति केवल रोजगार उपलब्ध कराने की व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह उन परिवारों को संबल देने का माध्यम है जो अपने परिवार के कमाऊ सदस्य को खोने के बाद कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे होते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की यह संवेदनशील पहल प्रभावित परिवारों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने का कार्य करती है।
उपायुक्त ने नव नियुक्त कर्मियों को संबोधित करते हुए ईमानदारी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसेवा की भावना को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कार्य करना प्रत्येक सरकारी कर्मचारी का दायित्व है। सरकारी सेवा समाज और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व निभाने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी नव नियुक्त कर्मी अपने कार्यों और आचरण से विभाग तथा जिला प्रशासन की गरिमा को और अधिक सुदृढ़ करेंगे तथा आम जनता को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


