साहिबगंज में मासिक अपराध नियंत्रण गोष्ठी आयोजित, मोहर्रम सुरक्षा और अपराध रोकथाम को लेकर एसपी के सख्त निर्देश।
कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, अपराधियों पर नकेल कसने और मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने पर विशेष जोर।

साहिबगंज। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रविवार को पुलिस लाइन स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में मासिक अपराध नियंत्रण गोष्ठी का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने की। गोष्ठी में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने सभी थाना प्रभारियों को अपराध नियंत्रण के प्रति पूरी तरह सतर्क, सक्रिय और जवाबदेह रहने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने तथा अपराध की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने पर जोर दिया गया।
आगामी मोहर्रम पर्व को देखते हुए एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, वैकल्पिक सुरक्षा योजना (बैकअप प्लान) तथा मोहर्रम समितियों के सदस्यों की अद्यतन सूची तैयार की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जुलूस एवं अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गीत, आपत्तिजनक सामग्री या किसी प्रकार की भड़काऊ गतिविधि पर विशेष निगरानी रखी जाए, ताकि जिले में शांति एवं सौहार्द का वातावरण कायम रहे।
बैठक में मोटरसाइकिल चोरी, घरों में चोरी तथा अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए रात्रि गश्ती बढ़ाने का निर्देश दिया गया। एसपी ने कहा कि गश्ती के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों की नियमित जांच की जाए तथा चौक-चौराहों, सार्वजनिक स्थलों और सुनसान इलाकों में बिना कारण घूमने वाले लोगों से पूछताछ की जाए।
उन्होंने प्रत्येक गली-मोहल्ले में नियमित पेट्रोलिंग सुनिश्चित करने तथा पूर्व में चोरी और अन्य अपराधों में संलिप्त रहे व्यक्तियों का डाटा तैयार कर उनकी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।
गोष्ठी के दौरान विभिन्न लंबित मामलों की समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को अनुसंधान कार्य में तेजी लाने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए समयबद्ध कार्रवाई आवश्यक है।
एसपी ने लाल वारंटियों की गिरफ्तारी अभियान को तेज करने, नियमित वाहन जांच अभियान चलाने तथा अवैध लॉटरी, जुआ, गांजा और अन्य अवैध कारोबारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार के अवैध धंधे को जिले में पनपने नहीं दिया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक में जेल से रिहा होने वाले अपराधियों को चिन्हित कर उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने का भी निर्देश दिया गया। एसपी ने कहा कि अपराध की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों की नियमित समीक्षा की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर सूचना तंत्र को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास बढ़ने से अपराध नियंत्रण में सफलता मिलती है।
इसके साथ ही भूमि विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई कर संभावित विवादों और तनाव की स्थिति को रोकने तथा जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
मासिक अपराध नियंत्रण गोष्ठी में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था संधारण तथा आगामी मोहर्रम पर्व की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत समीक्षा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।




