Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण: सांसद विजय कुमार हांसदा व विधायक एमटी राजा ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा।

बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं पर जताया संतोष, साफ-सफाई, दवा उपलब्धता और स्टाफ की नियमित उपस्थिति पर दिए सख्त निर्देश।

साहिबगंज।राजमहल क्षेत्र के सांसद विजय कुमार हांसदा एवं विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने सोमवार को साहिबगंज सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान भी मौजूद रहे। निरीक्षण का उद्देश्य अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना था।

निरीक्षण के क्रम में जनप्रतिनिधियों ने अस्पताल के विभिन्न महत्वपूर्ण विभागों का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने विशेष रूप से पेइंग वार्ड, एसएनसीयू, ट्रॉमा सेंटर एवं फार्मेसी का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने मरीजों से भी बातचीत कर उन्हें मिल रही सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

निरीक्षण के उपरांत सांसद एवं विधायक ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आम लोगों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इस दिशा में साहिबगंज सदर अस्पताल का कार्य सराहनीय है।

हालांकि, उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए सिविल सर्जन को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने, आवश्यक दवाओं की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित करने, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की समय पर उपस्थिति बनाए रखने तथा मरीजों की समुचित देखभाल करने पर विशेष बल दिया।

जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया कि प्रत्येक मरीज को समय पर उचित उपचार और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल के अन्य चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!