साहिबगंज की सभी पंचायतों में विशेष प्रमाण-पत्र शिविर शुरू, पहले दिन 1,016 आवेदन प्राप्त।
15 से 17 जून तक पंचायत स्तर पर मिल रही सुविधा, विद्यार्थियों और अभ्यर्थियों को होगा सीधा लाभ।

साहिबगंज। आगामी शैक्षिक सत्र, विभिन्न नियुक्तियों, छात्रवृत्ति योजनाओं तथा अन्य सरकारी सेवाओं के लिए आवश्यक जाति, आय एवं स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, साहिबगंज द्वारा जिले की सभी पंचायतों में तीन दिवसीय विशेष प्रमाण-पत्र शिविर का शुभारंभ किया गया है। यह विशेष अभियान 15 जून से 17 जून 2026 तक पंचायत सचिवालय स्तर पर संचालित किया जा रहा है।
शिविर के माध्यम से नागरिकों से जाति, आय एवं स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र के लिए आवेदन प्राप्त किए जा रहे हैं तथा उनकी ऑनलाइन प्रविष्टि भी की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा प्रतिनियुक्त कर्मियों एवं वीएलई (CSC) संचालकों की सहायता से आवश्यक दस्तावेजों के आधार पर झारसेवा पोर्टल पर आवेदन दर्ज कर आवेदकों को तत्काल प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराई जा रही है।

विशेष शिविर के प्रथम दिन जिलेभर में नागरिकों की उत्साहजनक भागीदारी देखने को मिली। विभिन्न प्रखंडों से प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार कुल 1,016 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
जाति प्रमाण-पत्र हेतु: 414 आवेदन, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र हेतु: 493 आवेदन, आय प्रमाण-पत्र हेतु: 109 आवेदन।
वहीं, प्राप्त आवेदनों में से 647 आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि भी की जा चुकी है, जिनमें, जाति प्रमाण-पत्र: 267 आवेदन, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र: 324 आवेदन, आय प्रमाण-पत्र: 56 आवेदन शामिल हैं।
जिला प्रशासन की इस विशेष पहल का उद्देश्य आम नागरिकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं तथा नियुक्तियों की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को उनके पंचायत स्तर पर ही त्वरित और सुगम सेवा उपलब्ध कराना है। इससे लोगों को प्रमाण-पत्र बनवाने के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा, जिससे समय, श्रम और संसाधनों की बचत होगी।
उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिन नागरिकों को जाति, आय अथवा स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र की आवश्यकता है, वे अपने निकटतम पंचायत सचिवालय में आयोजित विशेष शिविर में पहुंचकर आवेदन जमा करें और इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि शिविर आगामी दो दिनों तक जारी रहेगा, इसलिए सभी पात्र नागरिक समय रहते आवेदन सुनिश्चित करें।

जिला प्रशासन की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी सेवाओं की पहुंच को और मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। पंचायत स्तर पर आयोजित इन शिविरों से विद्यार्थियों, युवाओं एवं आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि अब आवश्यक प्रमाण-पत्रों के लिए उन्हें दूर-दराज के कार्यालयों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
विशेष शिविर 17 जून 2026 तक जारी रहेगा। जिला प्रशासन ने सभी पंचायतों में इसकी व्यापक व्यवस्था सुनिश्चित की है ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ प्राप्त कर सकें।




