VHSND दिवस पर जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य पदाधिकारी ने किया विभिन्न सत्र स्थलों का निरीक्षण।
बंद पड़ी वजन मशीनों पर जताई नाराजगी, शीघ्र मरम्मत एवं बैटरी उपलब्ध कराने के दिए निर्देश।

साहिबगंज। VHSND (Village Health Sanitation and Nutrition Day) दिवस के अवसर पर जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. किरण माला द्वारा साहिबगंज जिले के विभिन्न VHSND सत्र स्थलों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान तालबन्ना सत्र स्थल, हबीबपुर पाइप रोड, बंगाली टोला, साहिबगंज सहित अन्य केंद्रों का जायजा लेकर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का मूल्यांकन किया गया।
निरीक्षण के क्रम में कई सत्र स्थलों पर वजन मापने वाली मशीन (Weighing Machine) बंद पाई गई। इस पर जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य पदाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मियों को तत्काल बैटरी उपलब्ध कराने तथा तालबन्ना केंद्र में खराब पड़े वजन मशीन की शीघ्र मरम्मत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं की नियमित वजन जांच किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए।

डॉ. किरण माला ने सभी एएनएम को निर्देशित किया कि प्रत्येक VHSND सत्र में आने वाले सभी लाभार्थियों का ABHA कार्ड अनिवार्य रूप से बनाया जाए तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने में ABHA कार्ड की महत्वपूर्ण भूमिका है।
निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों को यह भी निर्देश दिया गया कि गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण के लिए अलग-अलग वैक्सीनेशन रजिस्टर संधारित किए जाएं। इससे टीकाकरण संबंधी अभिलेख सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रहेंगे तथा लाभार्थियों की ट्रैकिंग में सुविधा होगी।

जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य पदाधिकारी ने सभी स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि VHSND सत्रों का संचालन गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए तथा सरकार द्वारा संचालित मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।



