जनगणना 2027 का पहला चरण 16 मई से शुरू, 1–15 मई तक स्व-गणना का मौका उपायुक्त मेघा भारद्वाज।
ऑनलाइन पोर्टल के जरिए नागरिक खुद दर्ज कर सकेंगे अपनी जानकारी, 34 बिंदुओं पर होगा मकानों व परिवारों का विस्तृत सर्वे।

पाकुड़। भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के सफल संचालन को लेकर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि जिले में जनगणना का पहला चरण 16 मई 2026 से 14 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा, जिसमें मकान सूचीकरण एवं मकान गणना का कार्य किया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए स्व-गणना (Self Enumeration) की विशेष व्यवस्था की गई है।
इस सुविधा के तहत 01 मई से 15 मई 2026 तक लोग ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।नागरिक Census Self Enumeration Portal पर जाकर अपनी जानकारी भर सकते हैं।उन्होंने अपील की कि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठाकर समय पर अपनी जानकारी दर्ज करें।
पहले चरण के तहत प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मकान सूचीकरण और मकान गणना की जाएगी। यह प्रक्रिया 16 मई से 14 जून 2026 तक चलेगी।

इस चरण में कुल 34 बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी एकत्र की जाएगी, जिनमें प्रमुख हैं, मकान की संरचना (फर्श, दीवार, छत की सामग्री), मकान का उपयोग (आवासीय/व्यावसायिक), मकान की स्थिति (अच्छी/जर्जर), परिवार के सदस्यों की संख्या व विवरण, सामाजिक वर्ग (SC/ST/OBC आदि),पेयजल, बिजली, शौचालय, स्नानगृह की सुविधा, रसोईघर व ईंधन का प्रकार, मोबाइल, इंटरनेट, टीवी, कंप्यूटर जैसी सुविधाएं, वाहन (साइकिल से कार तक), मुख्य अनाज एवं मोबाइल नंबर, उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यह सभी जानकारियां केवल सरकारी योजनाओं और नीति निर्माण के लिए उपयोग की जाएंगी।
जनगणना कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 07 चार्ज पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। सभी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं ताकि कार्य पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके।
दूसरे चरण में होगी जनसंख्या की गणना,उपायुक्त ने बताया कि जनगणना का दूसरा चरण 09 फरवरी 2027 से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा।इस दौरान प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या की वास्तविक गणना करेंगे।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की आधारशिला है। इसके आधार पर ही सरकार योजनाएं बनाती है और संसाधनों का सही वितरण करती है।
उन्होंने आम जनता, जनप्रतिनिधियों और मीडिया से अपील की कि,सही और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, प्रगणकों का सहयोग करें, जनगणना के प्रति जागरूकता फैलाएं।

इस अवसर पर अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, स्थापना उप समाहर्ता त्रिभुवन कुमार सिंह, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी चंद्रजीत खलखो, एसएमपीओ पवन कुमार, सहित कई मीडिया प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जनगणना 2027 का यह पहला चरण विकास योजनाओं की मजबूत नींव रखने वाला महत्वपूर्ण कदम है। प्रशासन ने नागरिकों से सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए भरोसा जताया कि जनसहभागिता से यह अभियान सफलतापूर्वक पूरा होगा।


