डीआरडीए पाकुड़ में मनरेगा योजनाओं की समीक्षा बैठक, लंबित कार्यों को अप्रैल तक पूरा करने के सख्त निर्देश।
ई-केवाईसी, पीडी जेनरेशन और पुरानी योजनाओं की प्रगति पर गहन समीक्षा, गुणवत्ता व पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर।

पाकुड़। निदेशक, डीआरडीए, पाकुड़ की अध्यक्षता में मनरेगा योजनाओं की प्रगति को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न मनरेगा योजनाओं की वर्तमान स्थिति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया तथा कार्यों में तेजी लाने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक के दौरान ई-केवाईसी, पीडी (पेमेंट डिटेल) जेनरेशन एवं लंबित योजनाओं की प्रगति की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों द्वारा प्रखंडवार कार्यों का आकलन प्रस्तुत किया गया, जिसमें कई योजनाओं के लंबित रहने पर चिंता व्यक्त की गई। निदेशक ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए।
निदेशक, डीआरडीए ने सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों, सहायक अभियंताओं एवं कनीय अभियंताओं को निर्देशित करते हुए कहा कि अप्रैल माह के भीतर सभी लंबित योजनाओं का निष्पादन सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में समन्वय, गुणवत्ता एवं पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया गया। निदेशक ने कहा कि सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि ग्रामीण विकास के लक्ष्यों को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सके।
इस अवसर पर डीआरडीए कार्यालय के सभी कर्मियों के साथ जिले के विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंता उपस्थित रहे।




