Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की राशि लाभुकों के खातों में भेजने की प्रक्रिया शुरू।

साहिबगंज जिले की 1.71 लाख से अधिक महिलाओं को तीन माह की ₹7,500 सम्मान राशि, कुल ₹128.39 करोड़ डीबीटी के माध्यम से होंगे हस्तांतरित।

साहिबगंज।झारखंड सरकार के महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत साहिबगंज जिले की पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सहायता राशि हस्तांतरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले के सभी प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों से प्राप्त सत्यापन प्रतिवेदन के आधार पर पात्र लाभुकों के खातों में राशि सीधे डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जा रही है।

जिले में जून 2026 तक कुल 1,71,168 पात्र लाभुकों को योजना का लाभ दिया जा रहा है। प्रत्येक लाभुक को ₹2,500 प्रतिमाह की दर से अप्रैल, मई और जून 2026 यानी तीन माह की कुल ₹7,500 सम्मान राशि प्रदान की जा रही है। इस मद में साहिबगंज जिले के लाभुकों के बैंक खातों में ₹128,39,55,500 (एक सौ अट्ठाईस करोड़ उनतालीस लाख पचपन हजार पाँच सौ रुपये मात्र) की राशि हस्तांतरित की जा रही है।

जिला प्रशासन के अनुसार मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत पात्र लाभुकों के बैंक खातों में राशि जमा करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और कल तक अधिकांश लाभुकों के खातों में राशि क्रेडिट हो जाएगी।

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का मुख्य उद्देश्य राज्य की पात्र महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर, स्वावलंबी एवं सशक्त बनाना है। जिला प्रशासन ने कहा है कि योजना का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है, ताकि सभी पात्र महिलाओं को बिना किसी परेशानी के योजना का लाभ मिल सके।

जिला प्रशासन ने जानकारी दी है कि सर्वजन पेंशन योजना के अंतर्गत आने वाली सभी प्रमुख पेंशन योजनाओं के पात्र लाभुकों का सत्यापन कार्य भी पूरा कर लिया गया है। इनमें, मुख्यमंत्री राज्य वृद्धावस्था पेंशन योजना मुख्यमंत्री राज्य आदिम जनजाति पेंशन योजना मुख्यमंत्री राज्य निराश्रित महिला सम्मान पेंशन योजना मुख्यमंत्री राज्य एचआईवी/एड्स पेंशन योजना स्वामी विवेकानंद निशक्त स्वावलंबन प्रोत्साहन योजना शामिल हैं।

प्रशासन के अनुसार आगामी दो कार्य दिवसों के भीतर इन सभी योजनाओं के पात्र लाभुकों के बैंक खातों में अप्रैल से जून 2026 तक की तीन माह की पेंशन एकमुश्त हस्तांतरित कर दी जाएगी।

जिला प्रशासन ने सभी लाभुकों से अपील की है कि वे अपने बैंक खाते की नियमित रूप से जांच करते रहें। यदि निर्धारित अवधि के बाद भी राशि प्राप्त नहीं होती है या किसी प्रकार की तकनीकी अथवा बैंक संबंधी समस्या आती है, तो संबंधित प्रखंड कार्यालय से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!