जिला प्रशासन की पहल पर अंतरराष्ट्रीय एथलीट फजल अंसारी ने खिलाड़ियों से किया संवाद, दिए सफलता के मंत्र।
जेवलिन थ्रो के अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता से प्रेरित हुए जिले के खिलाड़ी, मानसिक मजबूती और अनुशासन पर दिया विशेष जोर।

साहिबगंज।जिला प्रशासन की पहल पर जिले के अंतरराष्ट्रीय एथलीट फजल अंसारी ने आज सिद्धो-कान्हू स्टेडियम, साहिबगंज में जिले के खिलाड़ियों से सीधा संवाद किया और उन्हें खेल में सफलता हासिल करने के महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
सकरीगली, रामपुर करारा के निवासी फजल अंसारी जेवलिन थ्रो में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने इंग्लैंड, जर्मनी, ब्राजील, इंडोनेशिया, रूस, श्रीलंका और फिलीपींस जैसे देशों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई अंतरराष्ट्रीय पदक अपने नाम किए हैं। वर्तमान में वे सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उड़ीसा सरकार में एथलेटिक्स प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने खेल विभाग एवं जिला प्रशासन द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों—आवासीय बालक, डे बोर्डिंग बालिका, खेलो इंडिया कुश्ती केंद्र तथा एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र, सकरीगली—के खिलाड़ियों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर पदक जीतने के लिए तकनीकी मार्गदर्शन देने के साथ-साथ मानसिक रूप से मजबूत बनने की भी प्रेरणा दी।
फजल अंसारी ने कहा कि खेल में सफलता के लिए नियमित अभ्यास, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और कठिनाइयों से घबराने के बजाय उनसे सीखने की सलाह दी।
कार्यक्रम की शुरुआत में खिलाड़ियों ने उन्हें बुके और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर एथलेटिक्स प्रशिक्षक योगेश यादव, अशोक साहनी, कुश्ती कोच प्रकाश सिंह बादल, खेल शिक्षक आदित्य कुमार, बिरेंद्र कुमार सहित सैकड़ों खिलाड़ी उपस्थित रहे।




