उधवा में दो दिवसीय विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर शुरू, ग्रामीणों को प्रखंड स्तर पर मिली बड़ी राहत।
जिला मुख्यालय जाने की परेशानी हुई कम, लर्निंग और स्थायी लाइसेंस के लिए उमड़ी लोगों की भीड़।

साहिबगंज। झारखंड सरकार के निर्देश एवं जिला परिवहन पदाधिकारी अमर जॉन आईंद के मार्गदर्शन में साहिबगंज जिले के उधवा प्रखंड परिसर में 21 एवं 23 जुलाई 2026 को पूर्वाह्न 11:30 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक दो दिवसीय विशेष प्रखंड स्तरीय ड्राइविंग लाइसेंस शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरदराज के क्षेत्रों के लोगों को उनके प्रखंड स्तर पर ही ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित सभी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराना था, ताकि उन्हें बार-बार जिला मुख्यालय का चक्कर न लगाना पड़े।
शिविर में बड़ी संख्या में युवाओं, वाहन चालकों एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान आवेदकों ने लर्निंग लाइसेंस तथा स्थायी (ड्राइविंग) लाइसेंस के लिए आवेदन कर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कीं। परिवहन विभाग की टीम ने दस्तावेजों का सत्यापन, आवेदन पंजीकरण तथा अन्य सभी औपचारिकताओं को पूरी पारदर्शिता, सरलता और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया।
जिला परिवहन पदाधिकारी अमर जॉन आईंद ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य परिवहन विभाग की सेवाओं को आम जनता तक सरल, सुलभ एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाना है। इसी सोच के तहत प्रखंड स्तर पर विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के समय और धन दोनों की बचत हो रही है। साथ ही अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

शिविर में शामिल लोगों ने परिवहन विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पहले ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए जिला मुख्यालय जाना पड़ता था, जिससे समय के साथ अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता था। अब प्रखंड स्तर पर ही सभी प्रक्रियाएं पूरी होने से आम नागरिकों को काफी सुविधा और राहत मिली है।
परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन का संचालन न करें तथा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सुरक्षित, जिम्मेदार एवं अनुशासित यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाने में अपना सक्रिय सहयोग दें।
शिविर के दौरान परिवहन विभाग के कंप्यूटर ऑपरेटर सुमित प्रकाश जगन्नाथ कुमार एवं रितिका कुमारी सहित विभाग के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



