झारखंड

दुर्गा पूजा को लेकर उपायुक्त ने पूजा पंडालों एवं विसर्जन घाटों का किया निरीक्षण।

सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ प्रबंधन और यातायात का लिया जायजा, प्रवेश-निकास द्वार, सीसीटीवी निगरानी एवं बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने का दिया निर्देश।

साहिबगंज। दुर्गा पूजा के मद्देनजर जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने जिला नियंत्रण कक्ष सहित जिले के विभिन्न पूजा पंडालों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं प्रतिमा विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए की गई तैयारियों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने साक्षरता चौक दुर्गा मंदिर, जिरवाबाड़ी दुर्गा मंदिर, नॉर्थ कॉलोनी मैदान, कृष्णानगर बड़ी दुर्गा मंदिर सहित शहर के विभिन्न पूजा पंडालों एवं मंदिरों का जायजा लिया। उन्होंने पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था, साफ-सफाई, स्वयंसेवकों की तैनाती तथा अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता की समीक्षा की। साथ ही महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश और निकास मार्ग बनाने, कूड़ा-कचरा संग्रह के लिए डस्टबिन रखने तथा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

पूजा पंडालों एवं प्रमुख मार्गों के निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने प्रतिमा विसर्जन घाटों का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, भीड़ प्रबंधन को व्यवस्थित रखने तथा सुरक्षित आवागमन के लिए सभी आवश्यक इंतजाम करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आइंद, नगर थाना प्रभारी, जिरवाबाड़ी थाना प्रभारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!