Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

तीनपहाड़ की रेल समस्याओं के समाधान को लेकर तेज हुई पहल, विधायक एमटी राजा के नेतृत्व में डीआरएम से होगी निर्णायक वार्ता।

अंडरपास चालू कराने और सभी प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर संघर्ष समिति संग हुई बैठक, सांसद ने भी जीएम को पत्र भेजने का दिया आश्वासन।

तीनपहाड़ साहिबगंज। तीनपहाड़ क्षेत्र की वर्षों पुरानी रेल संबंधी समस्याओं के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने शनिवार को तीनपहाड़ क्षेत्रीय विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रो. अनिल सरकार के आवास पर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ विस्तृत बैठक की। बैठक में रेलवे से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई तथा उनके शीघ्र समाधान के लिए संयुक्त रणनीति तैयार की गई।

बैठक में मुख्य रूप से तीनपहाड़ रेलवे अंडरपास को शीघ्र चालू कराने तथा तीनपहाड़ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर सभी प्रमुख ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। इन महत्वपूर्ण मांगों को लेकर मालदा रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) से सीधे वार्ता करने का निर्णय लिया गया।

बैठक के दौरान विधायक एमटी राजा ने दूरभाष पर मालदा मंडल के डीआरएम से बातचीत कर आगामी बुधवार को मालदा स्थित डीआरएम कार्यालय में बैठक का समय निर्धारित कराया। तय कार्यक्रम के अनुसार विधायक के नेतृत्व में तीनपहाड़ क्षेत्रीय विकास संघर्ष समिति का एक प्रतिनिधिमंडल डीआरएम से मुलाकात करेगा। इस दौरान क्षेत्र की रेल समस्याओं से संबंधित मांग-पत्र सौंपते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी।

इस अवसर पर विधायक ने संबंधित सांसद से भी दूरभाष पर बातचीत की। सांसद ने संघर्ष समिति की मांगों का समर्थन करते हुए आश्वासन दिया कि वे भी अपने स्तर से हावड़ा रेलवे जोन के महाप्रबंधक (जीएम) को पत्र लिखकर तीनपहाड़ क्षेत्र की रेल समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध करेंगे।

बैठक में संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने विधायक एमटी राजा द्वारा रेल समस्याओं के समाधान के लिए की जा रही पहल की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि जनप्रतिनिधियों, रेलवे प्रशासन और स्थानीय लोगों के सामूहिक प्रयास से क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगें जल्द पूरी होंगी।

वहीं विधायक एमटी राजा ने कहा कि तीनपहाड़ की जनता के हितों से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को पूरी मजबूती के साथ रेलवे प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा तथा समस्याओं के समाधान तक उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!