Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने हेतु बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को दिया गया प्रशिक्षण।

घर-घर जाकर गणना प्रपत्र का वितरण एवं समयबद्ध संकलन सुनिश्चित करने का निर्देश, शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने पर जोर।

राजमहल साहिबगंज। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को राजमहल प्रखंड सभागार में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ की अध्यक्षता में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रखंड क्षेत्र के सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) एवं सुपरवाइजरों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान कंप्यूटर ऑपरेटर भरत मंडल ने मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के विभिन्न पहलुओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी तथा बीएलओ की भूमिका पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पुनरीक्षण कार्य के तहत गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) का घर-घर वितरण, उसका समयबद्ध संकलन तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से प्राप्त आंकड़ों की सटीक एवं सावधानीपूर्वक प्रविष्टि सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी बीएलओ को निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए त्रुटिरहित कार्य संपादित करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ ने कहा कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती एवं निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के लिए शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन मतदाता सूची का होना अत्यंत आवश्यक है।

उन्होंने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों से पूरी निष्ठा, जिम्मेदारी एवं पारदर्शिता के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मी अपने शत-प्रतिशत योगदान से इस महत्वपूर्ण अभियान को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में पंचायत राज पदाधिकारी सूर्यनारायण चौधरी, बीपीओ गगन बापू, विजय कुमार, कैलाश वर्मा, राकेश कुमार, संजय सिंह, श्रवण कुमार सहित प्रखंड के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!