श्रावणी मेले को लेकर मोतीझरना धाम में प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद।
अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने तैयारियों का लिया जायजा, श्रद्धालुओं को हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के दिए निर्देश।

तालझारी साहिबगंज। पवित्र श्रावण मास के अवसर पर गुरुवार से प्रारंभ होने वाले ऐतिहासिक श्रावणी मेले को लेकर तालझारी प्रखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मोतीझरना धाम में जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
इसी क्रम में बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी, राजमहल, सदानंद महतो ने मोतीझरना धाम मेला क्षेत्र का विस्तृत भ्रमण कर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेयजल, शौचालय, विश्राम गृह, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।

निरीक्षण के पश्चात अनुमंडल पदाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं मेला समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए मेला अवधि के दौरान प्रत्येक व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखने और किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने कहा कि श्रावण मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुगम वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो तथा सभी आवश्यक सेवाएं निर्बाध रूप से संचालित होती रहें।
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, किसी अप्रिय घटना अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन को दें तथा मेला परिसर में स्वच्छता, अनुशासन और सहयोग की भावना बनाए रखते हुए अपनी धार्मिक यात्रा को सफल एवं सुरक्षित बनाएं।

श्रावणी मेले के शुभारंभ को लेकर मोतीझरना धाम में भक्तों के आगमन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासन का दावा है कि इस वर्ष श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम समय रहते सुनिश्चित कर दिए गए हैं।



