मोहर्रम पर विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने किया साहिबगंज के विभिन्न अखाड़ों का दौरा, कंट्रोल रूम का लिया जायजा।
मजहरटोला, अंजुमन नगर, एलसी रोड और कुलीपाड़ा में अखाड़ा समितियों से की मुलाकात, शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील।

साहिबगंज।मोहर्रम के पावन अवसर पर राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने शनिवार को साहिबगंज शहर के विभिन्न मोहर्रम अखाड़ों एवं जुलूस मार्गों का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मजहरटोला, अंजुमन नगर, एलसी रोड तथा कुलीपाड़ा पहुंचकर मोहर्रम अखाड़ा समितियों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों से मुलाकात की और सभी को मोहर्रम की शुभकामनाएं एवं बधाई दी।
दौरे के दौरान सभी स्थानों पर अखाड़ा समिति के पदाधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने विधायक का गर्मजोशी एवं उत्साह के साथ स्वागत किया। विधायक ने समिति के सदस्यों से मोहर्रम की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली तथा सभी से आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों के सहयोग से ही ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न होते हैं।

इस अवसर पर विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने साहिबगंज के एलसी रोड स्थित प्रशासन द्वारा स्थापित कंट्रोल रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था तथा मोहर्रम जुलूस को लेकर किए गए इंतजामों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। विधायक ने प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि मोहर्रम जैसे महत्वपूर्ण पर्व के दौरान शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

विधायक ने कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि त्याग, बलिदान, इंसानियत, सत्य और न्याय के मूल्यों का प्रतीक है। हमें हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानी से प्रेरणा लेते हुए समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की भावना को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन की सतर्कता और आम जनता के सहयोग से मोहर्रम का पर्व पूरे जिले में शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।

विधायक के दौरे से मोहर्रम अखाड़ा समितियों के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखा गया। विभिन्न स्थानों पर लोगों ने उनका स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की। विधायक ने सभी को आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास, जनता की समस्याओं के समाधान तथा जनसेवा के लिए वे हमेशा तत्पर रहेंगे।


