झारखंड

19 अप्रैल को झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक परीक्षा, जिले में 13 केंद्रों पर होगी आयोजित।

उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने दिए सख्त निर्देश – निष्पक्ष, पारदर्शी और कदाचारमुक्त माहौल में परीक्षा कराना सुनिश्चित करें।

साहिबगंज। झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (सीधी भर्ती) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा के सफल एवं सुचारू आयोजन को लेकर समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दुबे की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

झारखंड लोक सेवा आयोग, रांची के निर्देशानुसार यह परीक्षा 19 अप्रैल 2026 (रविवार) को जिले के कुल 13 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिया कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रथम पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक, द्वितीय पाली दोपहर 03:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक, दोनों पालियों में वस्तुनिष्ठ (ऑब्जेक्टिव) प्रश्न पत्र होंगे, जिनकी अवधि 2-2 घंटे निर्धारित है।

बैठक के दौरान उपायुक्त ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे परीक्षा से पूर्व सभी व्यवस्थाओं का भौतिक सत्यापन एवं पूर्वाभ्यास सुनिश्चित करें। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए पेयजल, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैठने की समुचित व्यवस्था तथा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा गया।

इसके अलावा प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। परीक्षा केंद्रों के आसपास विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु धारा 144 का सख्ती से पालन करने और अनावश्यक भीड़-भाड़ पर नियंत्रण रखने के निर्देश भी दिए गए।

उपायुक्त ने यह भी कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कदाचार की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर निर्धारित समय से कम से कम एक घंटे पहले पहुंचें, ताकि प्रवेश प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।

साथ ही, सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) एवं एक वैध फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। बिना प्रवेश पत्र के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक संजय कुमार दास, अपर समाहर्त्ता गौतम कुमार भगत सहित जिला स्तरीय सभी पदाधिकारी एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!