Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

राजमहल में आम महोत्सव सह बागवानी मेला का भव्य आयोजन, बिरसा हरित ग्राम योजना से बढ़ रही ग्रामीणों की आय।

20 मीट्रिक टन आम उत्पादन के साथ नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा राजमहल, लाभुकों को किया गया सम्मानित।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड सभागार में मंगलवार को बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत आम महोत्सव सह बागवानी मेला का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रखंड प्रमुख लक्ष्मी उरांव, प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ तथा जिला परिषद सदस्य मो. बारीक शेख ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बागवानी योजना से जुड़े लाभुकों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान बिरसा हरित ग्राम योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों, उसकी उपलब्धियों तथा भविष्य की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बीपीओ श्वेता ने आम महोत्सव एवं बागवानी मेले की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि पिछले तीन वर्षों से अधिक समय पहले जिन लाभुकों को बागवानी योजना का लाभ मिला था, उनके बागों में अब फल आना शुरू हो गया है। फल उत्पादन एवं बिक्री से लाभुकों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आया है।

जेएसएलपीएस के बीपीएम राजेश कुमार ने सभी लाभुकों को बधाई देते हुए उनके परिश्रम और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि बागवानी के क्षेत्र में लाभुकों द्वारा किए जा रहे कार्य प्रेरणादायक हैं। उन्होंने सभी किसानों एवं लाभुकों से भविष्य में और अधिक बेहतर उत्पादन तथा गुणवत्तापूर्ण बागवानी पर ध्यान देने का आह्वान किया।

जिला परिषद सदस्य मो. बारीक शेख ने अपने संबोधन में कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना झारखंड सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि हो रही है तथा आर्थिक सशक्तिकरण को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने लाभुकों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे बेहतर तरीके से बागवानी करें ताकि फल उत्पादन बढ़े और उनके जीवन में समृद्धि आए।

प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ ने कहा कि बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत उत्पादित झारखंड का आम अब विदेशों तक निर्यात किया जा रहा है, जो पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि राजमहल क्षेत्र की जलवायु और भूमि आम उत्पादन के लिए अत्यंत उपयुक्त है तथा यहां के आमों की पहचान राज्य और देश स्तर पर और अधिक मजबूत होनी चाहिए।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में राजमहल प्रखंड अंतर्गत बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत लगभग 20 मीट्रिक टन आम का उत्पादन हुआ है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अगले वर्ष उत्पादन में और वृद्धि होगी तथा लाभुक अपने बागों की नियमित देखभाल कर बेहतर परिणाम प्राप्त करेंगे।

कार्यक्रम का सफल संचालन बीपीओ गगन बापू ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रखंड समन्वयक सह प्रभारी डीपीएम अभिजीत कुमार ने प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी अतिथियों, अधिकारियों, लाभुकों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में कनीय अभियंता मो. एहसानुल जमील, कुलदीप कुमार रजक, रवि कांत रवि, राजीव पंडित, उपेंद्र कुमार सहित जेएसएलपीएस के कर्मी, विभिन्न पंचायतों के लाभुक, जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

आम महोत्सव सह बागवानी मेले ने यह साबित कर दिया कि बिरसा हरित ग्राम योजना केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने, रोजगार सृजन करने और आत्मनिर्भरता को मजबूत बनाने का एक प्रभावी माध्यम बन चुकी है। राजमहल प्रखंड में बढ़ता आम उत्पादन इस योजना की सफलता का जीवंत उदाहरण है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!