विश्व पर्यावरण दिवस पर राजमहल प्रखंड कार्यालय में चला “एक पेड़ मां के नाम” अभियान।
बीडीओ मो. यूसुफ के नेतृत्व में किया गया वृक्षारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश।

राजमहल साहिबगंज। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार, को राजमहल प्रखंड कार्यालय परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के तहत वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ ने किया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ ने कहा कि पर्यावरण के बिना मानव जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन को देखते हुए पर्यावरण संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को पर्यावरण बचाने की दिशा में आगे आना होगा, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर वातावरण मिल सकेगा।

उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने की अपील करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी मदद मिल सकती है।

कार्यक्रम के दौरान मनरेगा बीपीओ गगन बापू, प्रखंड समन्वयक अभिजीत कुमार, सहायक प्रमोद कुमार, रविकांत रवि, संदीप कुमार, दीपक कुमार, पंचायत सचिव राकेश कुमार मंडल, राम कुमार, गोपाल कुमार, मधु कुमार सहित कई अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को शुद्ध नहीं करते, बल्कि मानव जीवन, जल संरक्षण और जैव विविधता के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह अभियान लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।


