मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स के साथ जिला स्तरीय बैठक आयोजित।
30 जून से शुरू होगा इन्यूमरेशन चरण, सोशल मीडिया के माध्यम से सही जानकारी प्रसारित करने और फेक न्यूज से बचने की अपील।

साहिबगंज,।मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR)-2026 के सफल क्रियान्वयन तथा व्यापक जनजागरूकता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला जनसंपर्क कार्यालय, साहिबगंज के सभागार में जिले के सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स एवं डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला जनसंपर्क पदाधिकारी संजय कुमार दास ने की।
बैठक में 30 जून 2026 से प्रारंभ होने वाले इन्यूमरेशन (गणना) चरण की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि इस चरण के अंतर्गत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे तथा नियमानुसार भरे हुए प्रपत्र प्राप्त करेंगे। इस प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से सही, प्रमाणिक एवं आधिकारिक जानकारी आमजन तक पहुंचाने में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स की महत्वपूर्ण भूमिका बताई गई।

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 से संबंधित किसी भी प्रकार की भ्रामक, अपुष्ट अथवा फर्जी खबर (फेक न्यूज) का प्रचार-प्रसार नहीं किया जाए। उन्होंने आग्रह किया कि केवल भारत निर्वाचन आयोग, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड तथा जिला प्रशासन के आधिकारिक स्रोतों से प्राप्त सूचनाओं को ही साझा किया जाए।
बैठक में सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स से #JharkhandSIR अभियान को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया गया। साथ ही निर्वाचन आयोग के आधिकारिक संदेशों, जागरूकता वीडियो, पोस्टर एवं सूचना, शिक्षा एवं संचार (IEC) सामग्री का व्यापक प्रचार-प्रसार कर मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की गई।

इस अवसर पर बताया गया कि 30 जून 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से जिलेभर में विशेष सोशल मीडिया जागरूकता अभियान की शुरुआत की जाएगी। अभियान के माध्यम से मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 से संबंधित सही एवं प्रमाणिक जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी, ताकि अधिक से अधिक पात्र मतदाता इस महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित कर सकें।


