Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

बरहरवा स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, शातिर मोबाइल चोर गिरफ्तार; चोरी के तीन मोबाइल बरामद।

आरपीएफ बरहरवा एवं सीआईबी मालदा की संयुक्त छापेमारी में मिली सफलता, ट्रेनों से मोबाइल चोरी कर बेचने की बात कबूली; आरोपी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज।

बरहरवा साहिबगंज। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बरहरवा एवं आरपीएफ अपराध आसूचना शाखा (सीआईबी) मालदा की संयुक्त टीम ने बरहरवा रेलवे स्टेशन पर देर रात विशेष जांच एवं छापेमारी अभियान चलाकर एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक पूछताछ में उसने ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी करने और उन्हें बेचकर अवैध कमाई करने की बात स्वीकार की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात करीब 1:00 बजे आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ बरहरवा एवं सीआईबी मालदा की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध विशेष जांच अभियान चला रही थी। अभियान में उपनिरीक्षक नन्दन कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल स्वपन कुमार घोष, हेड कांस्टेबल नूपुर बरन तथा सहायक उपनिरीक्षक अजय कुमार हांसदा शामिल थे।

रात्रि लगभग 1:24 बजे ट्रेन संख्या 63075 रामपुरहाट–बरहरवा पैसेंजर के प्लेटफॉर्म संख्या-4 पर पहुंचने के दौरान संयुक्त टीम की नजर फुटओवर ब्रिज (एफओबी) रैम्प के नीचे खड़े एक संदिग्ध युवक पर पड़ी। पूछताछ एवं तलाशी के दौरान उसकी कमर से छिपाकर रखे गए चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद हुए। इसके अलावा उसके पास से एक रेडमी-8 मोबाइल फोन भी मिला, जिसे उसने अपना निजी मोबाइल बताया।

पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान आसिक शेख (26 वर्ष), पिता–केताब शेख, निवासी मियापाड़ा, खालतीपुर, थाना कालियाचक, जिला मालदा (पश्चिम बंगाल) के रूप में बताई। उसने स्वीकार किया कि बरामद तीन मोबाइल फोनों में से दो ट्रेन संख्या 13148 उत्तरबंगा एक्सप्रेस तथा एक ट्रेन संख्या 63075 रामपुरहाट–बरहरवा पैसेंजर के यात्रियों से चोरी किए गए थे।

आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह ट्रेनों में यात्रियों के मोबाइल चोरी कर उन्हें बेचकर अवैध आर्थिक लाभ कमाता है। कड़ी पूछताछ के दौरान यह भी सामने आया कि उसके विरुद्ध थाना कालियाचक में चोरी, डकैती सहित दो से तीन आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

आरपीएफ ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद तीनों चोरी के मोबाइल फोन एवं लिखित शिकायत के साथ आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी बरहरवा के सुपुर्द कर दिया गया है। मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!