Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

SIR अभियान में वॉलंटियर्स की भूमिका सबसे अहम, पूरी गंभीरता और समयबद्धता से करें कार्य : उपायुक्त।

30 जून से घर-घर पहुंचेगा एन्यूमरेशन फॉर्म, बीएलओ के सहयोग के लिए प्रशिक्षित किए गए वॉलंटियर्स; निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश।

बरहेट साहिबगंज। विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी संचालन को लेकर शनिवार को बरहेट प्रखंड सभागार में वॉलंटियर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे ने उपस्थित वॉलंटियर्स को संबोधित करते हुए कहा कि एसआईआर अभियान की सफलता में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी से भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और समयबद्धता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।

उपायुक्त ने बताया कि 30 जून से सभी मतदाताओं के बीच एन्यूमरेशन फॉर्म का वितरण प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक फॉर्म पहुंचाना, उसे सही एवं त्रुटिरहित ढंग से भरवाना तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर उसे वापस प्राप्त करना इस अभियान की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई मतदाता पहली बार घर पर उपलब्ध नहीं मिलता है, तो संबंधित बीएलओ (Booth Level Officer) नियमानुसार तीन बार उसके घर जाकर संपर्क स्थापित करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।

उपायुक्त ने कहा कि एसआईआर अभियान एक व्यापक, समयबद्ध एवं श्रमसाध्य कार्य है। इसी को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों सहित चयनित वॉलंटियर्स को बीएलओ के सहयोग के लिए लगाया गया है। प्रशिक्षण के दौरान सभी वॉलंटियर्स को एन्यूमरेशन फॉर्म भरने की पूरी प्रक्रिया, आवश्यक सावधानियां, ASDOF सूची तैयार करने की विधि तथा विभिन्न श्रेणियों के मतदाताओं से संबंधित प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी जा रही है।

उन्होंने सभी प्रतिभागियों से अपील की कि प्रशिक्षण के दौरान उत्पन्न होने वाली प्रत्येक शंका का समाधान अवश्य कर लें, ताकि फील्ड में कार्य करते समय किसी प्रकार की कठिनाई न हो। साथ ही उन्होंने कहा कि आगामी एक माह तक सभी वॉलंटियर्स सक्रिय रूप से बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करें।

उपायुक्त ने यह भी कहा कि जो वॉलंटियर्स प्रशिक्षण की प्रक्रिया को अच्छी तरह समझ चुके हैं, वे अन्य साथियों का भी मार्गदर्शन करें, ताकि पूरे प्रखंड में एसआईआर अभियान का कार्य सुचारू, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हो सके।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी वॉलंटियर्स को भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराई जाए, जिससे अभियान के प्रत्येक चरण का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, बरहेट, मास्टर ट्रेनर तथा बड़ी संख्या में वॉलंटियर्स उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!