Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

हूल दिवस की तैयारियों का उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक ने लिया जायजा, भोगनाडीह में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर दिए सख्त निर्देश।

30 जून को आयोजित होने वाले हूल दिवस के सफल, सुरक्षित एवं गरिमामय आयोजन के लिए प्रशासन पूरी तरह सक्रिय, 29 जून तक सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश।

साहिबगंज। आगामी 30 जून को आयोजित होने वाले हूल दिवस के सफल, सुरक्षित एवं गरिमामय आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने शनिवार को भोगनाडीह स्थित अमर शहीद सिदो-कान्हू मुर्मू स्मृति स्थल तथा सिदो-कान्हू मुर्मू पार्क का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि हूल दिवस पर बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी मूलभूत सुविधाओं की समय रहते समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पेयजल, बैठने की व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय, सौंदर्यीकरण, सजावट तथा श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन की व्यवस्था को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने स्मृति स्थल एवं पार्क परिसर में पर्याप्त संख्या में कुर्सियां लगाने, पेयजल डिस्पेंसर एवं पानी के टैंकर उपलब्ध कराने, सभी शौचालयों को पूर्णतः क्रियाशील रखने तथा आवश्यक मरम्मत कार्य तत्काल पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने दिशा-सूचक बोर्ड लगाने और कार्यक्रम के दिन चौबीसों घंटे सफाईकर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को भी कहा।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि परिसर की साफ-सफाई, घास की कटाई, सौंदर्यीकरण एवं अन्य सभी तैयारियां 29 जून तक हर हाल में पूरी कर ली जाएं। साथ ही मुख्य प्रवेश द्वार, रेलिंग तथा पूरे परिसर को फूल-मालाओं एवं आकर्षक सजावट से सुसज्जित करने के निर्देश दिए।

रात्रि के समय श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने अतिरिक्त हैलोजन, स्ट्रीट लाइट एवं सोलर लाइट की जांच कर उन्हें पूरी तरह क्रियाशील रखने तथा वैकल्पिक बिजली आपूर्ति (पावर बैकअप) की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान क्षतिग्रस्त विद्युत तारों को तत्काल दुरुस्त कराने का भी आदेश दिया गया।

भीड़ प्रबंधन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उपायुक्त ने प्रवेश एवं निकास मार्ग को सुव्यवस्थित रखने, श्रद्धालुओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। उन्होंने आवश्यकता अनुसार सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिया कि कार्यक्रम प्रारंभ होने से पहले सभी तैयारियां शत-प्रतिशत पूर्ण कर ली जाएं, ताकि हूल दिवस का आयोजन श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं गरिमा के अनुरूप शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफल ढंग से संपन्न कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, अनुमंडल पदाधिकारी (सदर), प्रखंड विकास पदाधिकारी बरहेट सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!