राजमहल में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, विद्यार्थियों को दी गई मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी।
30 जून से 29 जुलाई तक घर-घर पहुंचेंगे बीएलओ, प्रत्येक मतदाता को मिलेगा गणना प्रपत्र; भविष्य के मतदाताओं से लोकतंत्र में सक्रिय भागीदारी की अपील।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान को सफल बनाने एवं मतदाता जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को प्लस-2 जे.के. उच्च विद्यालय, राजमहल तथा प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, राजमहल में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) एवं चुनाव पाठशाला के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ तथा निर्वाचन नोडल सह बीपीओ गगन बापू ने भाग लेकर विद्यार्थियों एवं भावी मतदाताओं को निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता सूची के महत्व तथा विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक मतदाता के घर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) पहुंचकर दो-दो प्रतियों में गणना प्रपत्र (Enumeration Form) उपलब्ध कराएंगे। मतदाताओं को प्रपत्र भरकर उसकी एक प्रति बीएलओ को जमा करनी होगी, जबकि दूसरी प्रति अपने पास सुरक्षित रखनी होगी।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो। इसके लिए बीएलओ घर-घर जाकर प्रत्येक मतदाता से संपर्क करेंगे तथा गणना प्रपत्र भरवाने का कार्य करेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
निर्वाचन नोडल सह बीपीओ गगन बापू ने भी निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देते हुए मतदाता सूची के शुद्धीकरण एवं अद्यतन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य निष्पक्ष, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करना है, जिसमें प्रत्येक योग्य नागरिक का नाम दर्ज हो।

कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) एवं चुनाव पाठशाला के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदान के महत्व, मतदाता बनने की प्रक्रिया तथा जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के संबंध में भी जागरूक किया गया। उपस्थित छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए निर्वाचन संबंधी विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं।
इस अवसर पर ईएलसी के नोडल मो. मज़हरुल हक, प्लस-2 जे.के. उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिजीत पांडे, राजीव कुमार शर्मा, सुबेश कुमार, रीमा पाठक, मुकेश दास सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




