साहिबगंज में भाजपा की संगठनात्मक बैठक संपन्न, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने पर जोर।
प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने कार्यकर्ताओं से किया सीधा संवाद, आगामी संगठनात्मक रणनीति और कार्यक्रमों पर हुई विस्तृत चर्चा।

साहिबगंज। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) साहिबगंज जिला की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक रविवार को शहर स्थित होटल विनायक में जिला अध्यक्ष गौतम कुमार यादव की अध्यक्षता में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। बैठक का शुभारंभ भारत माता एवं पार्टी के प्रेरणास्रोत महापुरुषों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा झारखंड प्रदेश के प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय उपस्थित रहे। उनके साथ राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा, बोरियो विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी लोबिन हेम्ब्रम, बरहेट विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गमालियल हेंब्रम, जिला प्रभारी अमृत पांडे, प्रदेश मंत्री कृष्णा महतो, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश तिवारी, धर्मेंद्र ठाकुर सहित जिले के सभी पदाधिकारी, पूर्व जिला अध्यक्ष, पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं वर्तमान मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।
बैठक के दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने जिले के सभी पदाधिकारियों एवं प्रत्येक मंडल अध्यक्ष से क्रमवार संवाद स्थापित किया। उन्होंने कार्यकर्ताओं की समस्याओं, सुझावों और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों को गंभीरता से सुना तथा उनके त्वरित समाधान का आश्वासन दिया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका समर्पित कार्यकर्ता और मजबूत संगठन है। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत रणनीति साझा करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया। साथ ही कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने का आह्वान किया।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों के सफल संचालन, सदस्यता विस्तार, संगठन की मजबूती तथा जनसंपर्क अभियान को और प्रभावी बनाने को लेकर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है तथा पार्टी की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए सभी पदाधिकारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
बैठक का समापन संगठन को और अधिक मजबूत, अनुशासित एवं जनसरोकारों से जुड़ा बनाने के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को पूरी ऊर्जा एवं समर्पण के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।




