Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

अस्पताल तक सीधी सड़क बनाने के लिए ग्रामीण करेंगे जमीन दान, राज्यपाल के नाम सौंपेंगे भूमि।

राजमहल विधायक एमटी राजा की पहल रंग लाई, उपायुक्त के निरीक्षण के दौरान बनी सहमति; अस्पताल तक पहुंच होगी आसान, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आयाम।

उधवा साहिबगंज। जिले के उधवा प्रखंड अंतर्गत मोहनपुर पंचायत स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तक मरीजों की सुगम पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा, साहिबगंज उपायुक्त दीपक कुमार दुबे  ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने प्रसव कक्ष, इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी, भर्ती वार्ड सहित अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल की सबसे बड़ी समस्या मुख्य सड़क से अस्पताल तक सीधी संपर्क सड़क का अभाव सामने आया। वर्तमान में मरीजों और उनके परिजनों को अस्पताल पहुंचने के लिए लगभग तीन किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे विशेषकर गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को काफी परेशानी होती है।

इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा की पहल पर स्थानीय आदिवासी रैयतों ने मुख्य सड़क से अस्पताल तक नई सड़क निर्माण के लिए अपनी जमीन देने पर सहमति व्यक्त की। ग्रामीणों ने कहा कि वे अस्पताल और जनहित को सर्वोपरि मानते हुए सड़क निर्माण के लिए अपनी भूमि राज्यपाल के नाम दान करेंगे, ताकि बिना किसी बाधा के सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू हो सके।

इस अवसर पर विधायक एमटी राजा ने कहा कि जिन रैयतों द्वारा अस्पताल के लिए स्वेच्छा से जमीन दान दी जाएगी, उनके परिवार के एक सदस्य को स्वास्थ्य विभाग द्वारा आउटसोर्सिंग के माध्यम से उनकी शैक्षणिक योग्यता के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने पर विचार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इससे जनहित के कार्य में सहयोग करने वाले परिवारों का सम्मान भी होगा और उन्हें आर्थिक संबल भी मिलेगा। इस प्रस्ताव पर प्रशासनिक अधिकारियों ने सकारात्मक आश्वासन दिया।

उपायुक्त दीपक कुमार दुबे ने कहा कि अस्पताल तक बेहतर सड़क संपर्क बनने से क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने में सुविधा होगी। उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने का निर्देश दिया।

सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को ईमानदारी, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गुफरान आलम सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!